बंगाल चुनाव में आयोग सख्त: EVM में ‘इत्र’ और ‘च्यूइंगम’ से छेड़छाड़ पर होगा री-पोल
चुनाव आयोग ने बंगाल विधानसभा चुनाव में मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिशों पर सख्त रुख अपनाया है। वोटरों को डराने या वेबकैम से छेड़छाड़ की शिकायत पर री-पोल होगा।
बंगाल में विधानसभा चुनाव के दौरान मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने की कोशिशों पर अब कड़ी नजर रखी जाएगी। चुनाव आयोग ने साफ कर दिया है कि अगर किसी बूथ पर वोटरों को डराने या वेबकैम से छेड़छाड़ करने जैसी शिकायतें मिलती हैं, तो वहां दोबारा मतदान (री-पोल) कराया जाएगा।
अक्सर आरोप लगते रहे हैं कि कुछ लोग वोटरों को धमकाते हैं कि ईवीएम के बटन पर इत्र लगाया गया है और बाहर निकलते ही गंध से पता चल जाएगा कि किसे वोट दिया गया। इसके अलावा, बूथ पर फर्जी मतदान कराने के लिए वेबकैम पर च्यूइंगम चिपकाकर उसे बंद करने जैसी घटनाएं भी सामने आती रही हैं। अब ऐसी किसी भी गड़बड़ी पर चुनाव आयोग सख्त कार्रवाई करेगा।
चुनाव आयोग ने यह भी सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाए हैं कि मतदान के दौरान वेबकास्टिंग किसी भी हाल में बाधित न हो। अगर किसी बूथ पर लगातार आधे घंटे तक वेबकास्टिंग बंद रहती है, तो वहां भी री-पोल कराया जा सकता है।










