झाँसी में आज सजेगा आरपीएफ के जांबाज श्वानों का मंच, डीआरएम अनिरुद्ध कुमार करेंगे 19वीं अखिल भारतीय प्रतियोगिता का शुभारंभ वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जितेन्द्र कुमार शर्मा के नेतृत्व में जुटीं देशभर की टीमें, प्रशिक्षित श्वानों के कौशल और खोज क्षमता का दिखेगा दम

 

झाँसी। रेलवे सुरक्षा बल की 19वीं अखिल भारतीय श्वान ड्यूटी प्रतियोगिता-2026 का आज, 23 अक्टूबर को झाँसी में शुभारंभ होगा। उत्तर मध्य रेलवे के झाँसी मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार प्रतियोगिता के मुख्य अतिथि होंगे। आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, झाँसी जितेन्द्र कुमार शर्मा की देखरेख में प्रतियोगिता से संबंधित तैयारियाँ की गई हैं। इस आयोजन में देशभर से आई टीमें अपने प्रशिक्षित श्वानों की कार्यक्षमता और दक्षता का प्रदर्शन करेंगी।

चिकित्सकीय परीक्षण के बाद शुरू होगी प्रतियोगिता

प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी टीमों का आगमन 22 अक्टूबर को हुआ। सुबह 8 बजे से टीमों के पहुंचने का क्रम शुरू हुआ, जबकि सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक प्रतिभागी श्वानों का चिकित्सकीय परीक्षण किया गया। इसके बाद 23 अक्टूबर को सुबह 6 बजे से 10:30 बजे तक प्रतियोगिता का पहला सत्र निर्धारित किया गया है।

परेड और श्वान प्रदर्शन के साथ होगा उद्घाटन

शुक्रवार शाम 3:45 बजे परेड मैदान में प्रतिभागियों की उपस्थिति होगी। शाम 3:55 बजे अतिथियों और अधिकारियों का आगमन होगा। शाम 4 बजे वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जितेन्द्र कुमार शर्मा को सलामी दी जाएगी, जबकि शाम 4:05 बजे मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार का आगमन होगा।

इसके बाद परेड की औपचारिक कार्यवाही, प्रतिभागियों का खेल भावना के साथ शपथ ग्रहण और मुख्य अतिथि द्वारा प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की जाएगी। शाम 4:50 से 5:40 बजे तक श्वान प्रदर्शन आयोजित होगा। शाम 6 बजे आयोजन समिति की टीम प्रबंधकों के साथ बैठक और आवश्यक दिशा-निर्देशों पर चर्चा की जाएगी।

27 अक्टूबर तक चलेगी प्रतियोगिता

24 से 26 अक्टूबर तक प्रतिदिन सुबह 6:30 से 10:30 बजे और दोपहर 3 से शाम 5:30 बजे तक प्रतियोगिता के विभिन्न चरण आयोजित होंगे। प्रत्येक दिन शाम 6 बजे टीम प्रबंधकों के साथ समीक्षा बैठक होगी।

27 अक्टूबर को सुबह अंतिम चरण की प्रतियोगिता के बाद समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान समापन परेड, श्वान प्रदर्शन और पुरस्कार वितरण होगा। शाम 5 से 5:30 बजे तक विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके बाद मुख्य अतिथि का संबोधन और प्रतियोगिता के समापन की घोषणा होगी। रात 7 से 9 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा रात 9 बजे सामूहिक भोज का आयोजन निर्धारित है।

रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *