दक्षिण रेलवे के ‘जोरो’ ने दिखाया दम, बना सर्वश्रेष्ठ श्वान; दक्षिण रेलवे ओवरऑल विजेता महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने विजेता टीमों को किया सम्मानित, दक्षिण पूर्व रेलवे उपविजेता डॉग शो में ‘रेमो’ ने बटोरी सराहना, 17 रेल जोनों के 73 श्वानों ने लिया प्रतियोगिता में हिस्सा
झांसी। रेलवे सुरक्षा बल की 19वीं अखिल भारतीय श्वान प्रतियोगिता-2026 का मंगलवार को झांसी में समापन हुआ। प्रतियोगिता में दक्षिण रेलवे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ओवरऑल विजेता का खिताब हासिल किया, जबकि दक्षिण पूर्व रेलवे उपविजेता रहा। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह मुख्य अतिथि रहे। रेलवे सुरक्षा बल के प्रशिक्षित श्वानों ने ट्रैकिंग, विस्फोटक पदार्थों की पहचान और मादक पदार्थों की खोज जैसी प्रतियोगिताओं में अपनी दक्षता का प्रदर्शन किया।
‘जोरो’ और संचालक बी. सुरेश कुमार की जोड़ी रही अव्वल
ट्रैकिंग प्रतियोगिता में दक्षिण रेलवे के बेल्जियन शेफर्ड श्वान ‘जोरो’ ने प्रथम स्थान हासिल किया। उसके संचालक मुख्य आरक्षी बी. सुरेश कुमार रहे। दक्षिण पूर्व रेलवे का ‘सिम्बा’ दूसरे और उत्तर रेलवे का ‘फ्रेंडो’ तीसरे स्थान पर रहा। शानदार प्रदर्शन के लिए ‘जोरो’ को प्रतियोगिता का सर्वश्रेष्ठ श्वान घोषित किया गया।
विस्फोटक पदार्थों की पहचान प्रतियोगिता में दक्षिण रेलवे के श्वान ‘जैक’ ने पहला स्थान प्राप्त किया। उसके संचालक मुख्य आरक्षी रॉबिन रहे। दक्षिण मध्य रेलवे का लैब्राडोर श्वान ‘रेमो’ दूसरे और पश्चिम मध्य रेलवे का ‘जैकी’ तीसरे स्थान पर रहा।
‘वीरा’ ने मादक पदार्थों की पहचान में मारी बाजी
मादक पदार्थों की पहचान प्रतियोगिता में दक्षिण मध्य रेलवे के बेल्जियन मैलिनॉइस श्वान ‘वीरा’ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उसके संचालक आरक्षी एन. रामुडु नाइक रहे। दक्षिण रेलवे का ‘पाब्लो’ दूसरे और पश्चिम रेलवे का लैब्राडोर श्वान ‘इंच’ तीसरे स्थान पर रहा।
महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने बढ़ाया जवानों का उत्साह
मुख्य अतिथि महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने रेलवे सुरक्षा बल के श्वान दस्ते की भूमिका की सराहना की। उन्होंने कहा कि रेल यात्रियों की सुरक्षा, रेलवे परिसरों की निगरानी और संभावित खतरों की पहचान में प्रशिक्षित श्वानों का योगदान महत्वपूर्ण है। श्वानों और उनके संचालकों के बीच बेहतर तालमेल, नियमित प्रशिक्षण और अनुशासन सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाते हैं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए निरंतर अभ्यास करने के लिए प्रेरित किया।
आरपीएफ आईजी प्रदीप कुमार गुप्ता ने बताया प्रतियोगिता का महत्व
उत्तर मध्य रेलवे के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त एवं आरपीएफ आईजी प्रदीप कुमार गुप्ता ने अपने स्वागत उद्बोधन में कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं विभिन्न रेल जोनों के श्वान दस्तों को अपनी कार्यक्षमता दिखाने और अनुभव साझा करने का अवसर देती हैं। इससे सुरक्षा संबंधी चुनौतियों से निपटने की तैयारी बेहतर होती है। प्रतियोगिता से चयनित सर्वश्रेष्ठ टीम अखिल भारतीय पुलिस ड्यूटी मीट में रेलवे सुरक्षा बल का प्रतिनिधित्व करेगी।
‘रेमो’ को डॉग शो में मिला सर्वश्रेष्ठ श्वान का पुरस्कार
समारोह के अंतिम चरण में आयोजित श्वान प्रदर्शन दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहा। प्रशिक्षित श्वानों ने अपने संचालकों के निर्देशों पर विभिन्न गतिविधियों में दक्षता, अनुशासन और तत्परता दिखाई। इस प्रदर्शन में ‘रेमो’ को सर्वश्रेष्ठ श्वान का पुरस्कार दिया गया।
महाप्रबंधक ने निर्णायक मंडल के सदस्यों को भी सम्मानित किया। इनमें रेलवे सुरक्षा बल के सेवानिवृत्त सहायक उपनिरीक्षक ओ.पी. शर्मा, सेवानिवृत्त उपनिरीक्षक पूरन सिंह, सेवानिवृत्त सहायक उपनिरीक्षक राज कुमार, उत्तर प्रदेश पुलिस के बम निरोधक एवं श्वान दस्ते के सदस्य अजब सिंह तथा सीमा सुरक्षा बल के सत्यप्रकाश शुक्ला शामिल रहे।
समापन समारोह में मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक प्रेम प्रकाश शर्मा एवं नंदीश शुक्ल, पुलिस अधीक्षक जीआरपी विपुल श्रीवास्तव, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा सहित रेलवे और सुरक्षा बल के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS










