निरीक्षक बनारसी यादव की तत्परता से गया स्टेशन पर अपहृत किशोरी बरामद ऑपरेशन रेल प्रहरी के तहत आरपीएफ की कार्रवाई, 16 वर्षीय खुशी कुमारी को सुरक्षित वाराणसी पुलिस और परिजनों को सौंपा
गया। रेलवे सुरक्षा बल ने ऑपरेशन रेल प्रहरी के तहत तत्परता दिखाते हुए अपहरण के मामले में वांछित 16 वर्षीय किशोरी को गया रेलवे स्टेशन से सकुशल बरामद कर लिया। आरपीएफ पोस्ट गया के प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में किशोरी को सुरक्षित वाराणसी पुलिस और उसके परिजनों के सुपुर्द किया गया।
जानकारी के अनुसार, 21 नवंबर को कपसेठी थाना, वाराणसी के उप निरीक्षक आयुष कुमार ओझा ने आरपीएफ पोस्ट गया के प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव को सूचना दी कि खुशी कुमारी (16), निवासी ग्राम गजेपुर, थाना कपसेठी, जिला वाराणसी के अपहरण के मामले में मुकदमा संख्या 163/26, धारा 137(2) बीएनएस के तहत 20 नवंबर को प्राथमिकी दर्ज की गई है। किशोरी के गया रेलवे स्टेशन पर मौजूद होने की आशंका जताते हुए उसकी तलाश कर सुरक्षित बरामदगी का अनुरोध किया गया।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए निरीक्षक बनारसी यादव ने तत्काल टीम गठित कर स्टेशन पर तलाशी अभियान शुरू कराया। उप निरीक्षक सत्येंद्र कुमार के साथ आरक्षी अमित कुमार, शशि शेखर, रोशन कुमार एवं अन्य बल सदस्यों ने स्टेशन परिसर में खोजबीन की। इसी दौरान प्लेटफॉर्म नंबर एक पर मिडिल ब्रिज के नीचे किशोरी दिखाई दी।
महिला प्रधान आरक्षी इंदू कुमारी सिन्हा की सहायता से किशोरी को सुरक्षित आरपीएफ पोस्ट गया लाया गया। यहां उसकी काउंसलिंग की गई तथा उसे भोजन और पीने के लिए पानी उपलब्ध कराया गया। इसके बाद कपसेठी थाना वाराणसी को बरामदगी की सूचना दी गई।
22 नवंबर की रात कपसेठी थाना के उप निरीक्षक आयुष कुमार ओझा किशोरी के माता-पिता के साथ आरपीएफ पोस्ट गया पहुंचे। इसके बाद आरपीएफ ने किशोरी को सकुशल वाराणसी पुलिस और उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। ऑपरेशन रेल प्रहरी के तहत आरपीएफ की इस कार्रवाई में निरीक्षक बनारसी यादव के नेतृत्व में टीम की सतर्कता और मानवीय संवेदनशीलता देखने को मिली।
रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS










