दुल्हन की तरह सजा खेल मैदान, कुछ ही घंटों में होगा 19वीं अखिल भारतीय आरपीएफ श्वान प्रतियोगिता का शुभारंभ डीआरएम अनिरुद्ध कुमार करेंगे उद्घाटन, जिलाधिकारी से लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जीआरपी एसपी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी रहेंगे उपस्थित

 

 

 

झाँसी। रेलवे सुरक्षा बल की 19वीं अखिल भारतीय श्वान ड्यूटी प्रतियोगिता-2026 के शुभारंभ को लेकर झाँसी में तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। प्रतियोगिता स्थल स्थित खेल मैदान को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। मैदान की साज-सज्जा और समारोह की तैयारियाँ देखते ही बन रही हैं। कुछ ही घंटों में आयोजित होने वाले उद्घाटन समारोह में रेलवे, प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति रहेगी।

 

उत्तर मध्य रेलवे के झाँसी मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार प्रतियोगिता का शुभारंभ करेंगे। कार्यक्रम में जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, जीआरपी के पुलिस अधीक्षक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के शामिल होने का कार्यक्रम है। आयोजन समिति के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, झाँसी जितेन्द्र कुमार शर्मा की देखरेख में आयोजन की तैयारियाँ की गई हैं।

 

परेड, शपथ ग्रहण और श्वान प्रदर्शन रहेगा आकर्षण

 

उद्घाटन समारोह में परेड की औपचारिक कार्यवाही, प्रतिभागियों का खेल भावना के साथ शपथ ग्रहण और मुख्य अतिथि द्वारा प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की जाएगी। इसके बाद श्वान प्रदर्शन होगा, जिसमें प्रशिक्षित श्वानों की कार्यक्षमता, खोज क्षमता और प्रशिक्षण का प्रदर्शन किया जाएगा। आयोजन समिति की टीम प्रबंधकों के साथ बैठक भी निर्धारित है।

 

27 अक्टूबर तक चलेगी प्रतियोगिता

 

24 से 26 अक्टूबर तक प्रतिदिन सुबह 6:30 से 10:30 बजे और दोपहर 3 से शाम 5:30 बजे तक प्रतियोगिता के विभिन्न चरण आयोजित होंगे। 27 अक्टूबर को अंतिम चरण के बाद समापन समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान समापन परेड, श्वान प्रदर्शन और विजेताओं को पुरस्कार वितरण होगा। रात 7 से 9 बजे तक सांस्कृतिक कार्यक्रम तथा रात 9 बजे सामूहिक भोज का आयोजन निर्धारित है।

 

रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *