झांसी में जांबाज श्वानों का शक्ति प्रदर्शन, 17 रेलवे जोनों के 73 श्वानों ने दिखाया दम डीआरएम अनिरुद्ध कुमार ने किया 19वीं अखिल भारतीय रेलवे सुरक्षा बल श्वान प्रतियोगिता का शुभारंभ शैडो और ड्यूक ने फोड़े गुब्बारे, बोल्ट ने आग की लपटों के बीच लगाई छलांग; आरपीएफ के ध्येय वाक्य लिखे गुब्बारे उड़ाकर दिया सुरक्षा का संदेश
झांसी, 23 अक्टूबर 2026।
रेलवे सुरक्षा बल की 19वीं अखिल भारतीय श्वान कर्तव्य प्रतियोगिता-2026 का शुक्रवार को झांसी में भव्य शुभारंभ हुआ। झांसी मंडल के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त कार्यालय परिसर स्थित मैदान में आयोजित प्रतियोगिता में देश के 17 रेलवे जोनों से आए 73 प्रशिक्षित श्वान अपनी फुर्ती, अनुशासन और खोज क्षमता का प्रदर्शन कर रहे हैं। श्वानों के हैरतअंगेज करतब देखकर पूरा मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
डीआरएम को बैज लगाकर और टोपी पहनाकर किया सम्मानित
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार का स्वागत वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार शर्मा ने किया। इस दौरान वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ने डीआरएम अनिरुद्ध कुमार को बैज लगाकर और टोपी पहनाकर सम्मानित किया। इसके बाद विभिन्न रेलवे जोनों से आई रेलवे सुरक्षा बल की टुकड़ियों ने अनुशासित परेड करते हुए मुख्य अतिथि को सलामी दी। डीआरएम ने प्रतियोगिता के शुभारंभ की घोषणा की।
आसमान में उड़ाए ध्येय वाक्य लिखे गुब्बारे
समारोह में रेलवे सुरक्षा बल के ध्येय वाक्य लिखे गुब्बारे आसमान में उड़ाकर सुरक्षा, सतर्कता और जनसेवा का संदेश दिया गया। इस आकर्षक आयोजन ने समारोह में नया उत्साह भर दिया। अधिकारियों और जवानों की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम ने रेलवे सुरक्षा के प्रति बल की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
शैडो और ड्यूक ने फोड़े गुब्बारे, बोल्ट ने दिखाई बहादुरी
प्रदर्शन के दौरान प्रशिक्षित श्वान शैडो और ड्यूक ने गुब्बारे फोड़ने का करतब दिखाया, जबकि श्वान बोल्ट ने आग की लपटों के बीच बने अवरोध को छलांग लगाकर पार किया। श्वानों ने मुख्य अतिथि और अन्य अधिकारियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत भी किया। आग के बीच अवरोध पार करने और बाधाओं को लांघने जैसे चुनौतीपूर्ण अभ्यासों में उनकी फुर्ती, साहस और प्रशिक्षण की झलक देखने को मिली। इन रोमांचक प्रदर्शनों पर मैदान तालियों से गूंज उठा।
विस्फोटक और मादक पदार्थों की पहचान में दिखेगा कौशल
प्रतियोगिता में विस्फोटक पदार्थों की पहचान, मादक पदार्थों का पता लगाने और खोज एवं पीछा करने जैसे महत्वपूर्ण सुरक्षा कौशलों का परीक्षण किया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रशिक्षित श्वानों की कार्यक्षमता, अनुशासन और सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारियों को निभाने की दक्षता का आकलन करना है। रेलवे स्टेशनों, रेलगाड़ियों और अन्य महत्वपूर्ण परिसरों की सुरक्षा में ये श्वान अहम भूमिका निभाते हैं।
मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने रेलवे सुरक्षा व्यवस्था में प्रशिक्षित श्वानों के योगदान की सराहना की। उन्होंने ऐसी प्रतियोगिताओं को श्वानों की कार्यक्षमता परखने और उनके प्रशिक्षण को और बेहतर बनाने का महत्वपूर्ण मंच बताया।
रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
समारोह में अपर मंडल रेल प्रबंधक परिचालन नंदीश शुक्ला, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप स्वरूप मिश्रा, वरिष्ठ मंडल संकेत एवं दूरसंचार अभियंता रश्मि गौतम, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी गिरीश कंचन, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता रूपेश बघेला, सहायक सुरक्षा आयुक्त विनय महराज एवं कृष्णानंद तिवारी सहित रेलवे सुरक्षा बल और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के विभिन्न चरण 26 अक्टूबर तक चलेंगे। 27 अक्टूबर को समापन समारोह में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों और प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
सम्पादक: आलोक प्रकाश
रिपोर्ट: नवीन यादव
VERDICT NEWS










