रेलवे की फिजूलखर्ची पर सवाल: बुजुर्गों की रियायत बंद, सांसदों की बैठकों पर लाखों खर्च! ओरछा से आगरा तक आलीशान होटलों में सजीं बैठकें, महाप्रबंधक से लेकर सांसदों तक की मौजूदगी; रेलवे के अपने सभागार और विश्राम गृह आखिर किसलिए?
**प्रयागराज।** रेलवे में मितव्ययिता और यात्री सुविधाओं की बात करने वाले विभाग में बैठकों के आयोजन पर होने वाले खर्च को लेकर सवाल उठने लगे हैं। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज जोन के अंतर्गत प्रयागराज, झांसी और आगरा मंडलों में सांसदों के साथ होने वाली बैठकों के आयोजन और उनके खर्च को लेकर चर्चा तेज है।
कुछ महीने पहले उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल की सांसदों के साथ बैठक ओरछा स्थित एक आलीशान होटल में आयोजित की गई थी। इस बैठक में उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक सहित उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के सांसद मौजूद रहे थे। इसी तरह आगरा मंडल की बैठक भी एक आलीशान होटल में आयोजित किए जाने की बात सामने आई है।
सवाल यह है कि जब रेलवे के पास अपने सभागार, अधिकारी विश्राम गृह और अन्य संसाधन उपलब्ध हैं, तो फिर सांसदों की बैठकों के लिए महंगे होटलों का चयन क्यों किया जाता है? क्या रेलवे के अपने परिसर में ऐसी बैठकें आयोजित नहीं हो सकतीं?
**दो-तीन घंटे की बैठक, लाखों का इंतजाम!**
बैठकों पर होने वाले खर्च को लेकर दावा किया जा रहा है कि दो-तीन घंटे के आयोजन पर करीब 15 से 20 लाख रुपये तक खर्च हो जाते हैं। सांसदों की उपस्थिति सुनिश्चित हो या नहीं, उनके लिए दो दिन तक होटल के कमरे आरक्षित रखने, किराये की गाड़ियों, खानपान और अन्य व्यवस्थाओं पर बड़ी धनराशि खर्च होने के सवाल उठ रहे हैं। आयोजन की तैयारियों में कई अधिकारी और कर्मचारी भी अपने नियमित विभागीय कार्यों से हटकर जुटे रहते हैं।
**बुजुर्गों की रियायत पर चुप्पी, होटल की सुविधाओं पर खर्च?**
सबसे बड़ा सवाल वरिष्ठ नागरिकों को मिलने वाली रेल किराये की रियायत से जुड़ा है। कोरोना काल में बंद की गई वरिष्ठ नागरिकों की रियायत अब तक बहाल नहीं हुई है। ऐसे में यात्रियों का सवाल है कि बुजुर्गों को किराये में राहत देने के लिए आर्थिक कारणों का हवाला देने वाले रेलवे के पास आलीशान होटलों में बैठकें आयोजित करने के लिए लाखों रुपये कहां से आ जाते हैं?
**रेल मंत्री से जवाब मांगते सवाल**
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से सवाल है कि क्या उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज, झांसी और आगरा मंडलों में आयोजित बैठकों के खर्च की समीक्षा होगी? ओरछा और आगरा में आयोजित बैठकों पर कुल कितनी धनराशि खर्च हुई? होटल, वाहनों, भोजन और अन्य व्यवस्थाओं पर अलग-अलग कितना भुगतान किया गया?
आखिर बैठकों के लिए रेलवे के अपने सभागारों और विश्राम गृहों का उपयोग क्यों नहीं किया जाता? इन आयोजनों में होने वाले खर्च को कम करके बचाई गई धनराशि यात्री सुविधाओं, नई रेल लाइनों और वरिष्ठ नागरिकों को किराये में रियायत बहाल करने पर क्यों नहीं लगाई जा सकती?
रेलवे जनता के पैसे से चलता है। इसलिए बैठकों के आयोजन पर होने वाले खर्च का हिसाब भी जनता के सामने आना चाहिए।
रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS










