सर्दी में पटरियों पर पहरा, कोहरे में ट्रेनों की सुरक्षा का चक्रव्यूह तैयार! ठंड से रेल फ्रैक्चर का खतरा, जीपीएस से गश्ती दलों की निगरानी; फॉग सेफ डिवाइस से लोको पायलटों को मिलेगी चेतावनी मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन में शीत ऋतु 2026-27 की संरक्षा तैयारियां तेज
झांसी। सर्दी का मौसम शुरू होते ही रेलवे के सामने ट्रेनों के सुरक्षित संचालन की चुनौती बढ़ने लगी है। एक ओर घना कोहरा सिग्नल और रेल परिचालन को प्रभावित करता है, वहीं दूसरी ओर तापमान में गिरावट से रेल पटरियों और वेल्ड में दरार आने का खतरा भी बढ़ जाता है। इन चुनौतियों से निपटने के लिए उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल ने शीत ऋतु 2026-27 को लेकर व्यापक संरक्षा तैयारियां शुरू कर दी हैं।
मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन में इंजीनियरिंग और परिचालन विभागों ने ट्रैक की मजबूती, नियमित निरीक्षण, विशेष गश्त और कोहरे में सुरक्षित ट्रेन संचालन के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की है। रेलवे बोर्ड और मुख्यालय से जारी दिशा-निर्देशों के तहत संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
पटरियों और वेल्ड की जांच पर विशेष जोर
रेलवे की मुख्य लाइनों पर पटरियों, वेल्ड, स्विच एक्सपेंशन ज्वाइंट (एसईजे) तथा पॉइंट्स एंड क्रॉसिंग की नियमित निगरानी की जा रही है। अल्ट्रासोनिक फ्लॉ डिटेक्शन परीक्षण की लंबित स्थिति पर प्रतिदिन नजर रखी जा रही है, ताकि पटरियों के भीतर मौजूद संभावित खामियों का समय रहते पता लगाया जा सके।
तापमान गिरते ही पटरियों पर उतरेगी गश्ती टीम
रेल का तापमान निर्धारित सीमा से नीचे पहुंचने पर विशेष शीतकालीन गश्त शुरू की जाएगी। गश्ती कर्मचारियों को जीपीएस ट्रैकर, तिरंगी हैंड सिग्नल लैंप, डेटोनेटर और आवश्यक सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। कर्मचारी निर्धारित रेलखंडों पर लगातार निगरानी रखेंगे, जिससे रेल और वेल्ड में दरार अथवा असामान्य अंतराल का शुरुआती चरण में पता चल सके।
जीपीएस से होगी कर्मचारियों की पल-पल निगरानी
शीतकालीन गश्ती कर्मचारियों की गतिविधियों पर वास्तविक समय में जीपीएस के माध्यम से नजर रखी जाएगी। एडीईएन कार्यालयों, मंडलीय इंजीनियरिंग नियंत्रण और मुख्यालय नियंत्रण कक्ष में विशेष निगरानी व्यवस्था बनाई गई है। इसके माध्यम से गश्त की रिपोर्ट का सत्यापन, औचक जांच और कर्मचारियों की वास्तविक लोकेशन की पुष्टि की जाएगी।
आपात स्थिति के लिए पहले से जुटाया जा रहा सामान
ट्रैक पर किसी भी संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए गैंग हट, समपार फाटकों और स्टेशनों पर मरम्मत संबंधी आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराई गई है। इसमें सफेद रंग से चिह्नित जॉग्ल फिश प्लेट, क्लैंप, लकड़ी के ब्लॉक और अतिरिक्त रेल शामिल हैं। इसका उद्देश्य किसी भी तकनीकी खराबी की स्थिति में ट्रैक को जल्द से जल्द बहाल करना है।
रात में भी अधिकारियों की रहेगी निगरानी
रेलवे के फील्ड कर्मचारियों और संविदा श्रमिकों को शीतकालीन संरक्षा के संबंध में विशेष प्रशिक्षण, काउंसिलिंग और व्यावहारिक प्रदर्शन दिए जा रहे हैं। अनुभागीय इंजीनियरों, सहायक मंडल इंजीनियरों और वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा रात्रिकालीन फुटप्लेट निरीक्षण के साथ औचक जांच भी की जा रही है, ताकि सुरक्षा प्रोटोकॉल का प्रभावी पालन सुनिश्चित हो सके।
घने कोहरे में फॉग सेफ डिवाइस बनेगी मददगार
कोहरे के दौरान सुरक्षित ट्रेन संचालन के लिए फॉग सेफ डिवाइस की पर्याप्त उपलब्धता और कार्यशीलता सुनिश्चित की जा रही है। जीपीएस आधारित यह उपकरण घने कोहरे में लोको पायलटों को आगे आने वाले सिग्नलों और समपार फाटकों के संबंध में ऑडियो-विजुअल चेतावनी देता है। इसके साथ ही लाइन कर्मचारियों को कोहरे में बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में नियमित प्रशिक्षण और काउंसिलिंग दी जा रही है।
रेलवे प्रशासन का कहना है कि शीत ऋतु के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और ट्रेनों के सुचारू संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। इंजीनियरिंग और परिचालन विभागों के समन्वय से ट्रैक की निगरानी से लेकर कोहरे में ट्रेन संचालन तक सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने की तैयारी की गई है।










