महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने झांसी–आगासोद रेलखंड का किया निरीक्षण परख यान से ट्रैक, ओवरहेड तारों और परिचालन व्यवस्थाओं को परखा, आगासोद स्टेशन से झांसी तक यात्री सुविधाओं का लिया जायजा डीआरएम अनिरुद्ध कुमार की मौजूदगी में
विकास परियोजनाओं की समीक्षा, शाखाधिकारियों ने प्रस्तुत की कार्यों की प्रगति रिपोर्ट
झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक नरेश पाल सिंह ने मंगलवार को झांसी मंडल के झांसी–आगासोद रेलखंड का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। महाप्रबंधक ने परख यान से रेलखंड का निरीक्षण कर ट्रैक, ओवरहेड तारों, रेल परिचालन और आधारभूत संरचना से जुड़े विभिन्न पहलुओं का जायजा लिया। उन्होंने रेल परिचालन की संरक्षा और व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की।
आगासोद यार्ड और स्टेशन की व्यवस्थाएं परखीं
निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने आगासोद यार्ड में उपलब्ध आधारभूत संरचना, परिचालन व्यवस्था और संरक्षा से जुड़े पहलुओं का अवलोकन किया। उन्होंने यार्ड की व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लेते हुए रेल परिचालन से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की। इसके बाद आगासोद स्टेशन पहुंचकर यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, स्टेशन परिसर और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्टेशन पर मौजूद व्यवस्थाओं की स्थिति का आकलन किया गया।
झांसी स्टेशन और संयुक्त क्रू लॉबी का निरीक्षण
आगासोद के बाद महाप्रबंधक ने वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने यात्री सुविधाओं और स्टेशन परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके साथ ही संयुक्त क्रू लॉबी का निरीक्षण कर उसकी कार्यप्रणाली तथा रेल परिचालन से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी प्राप्त की।
विकास कार्यों की प्रगति पर हुई समीक्षा बैठक
निरीक्षण के बाद महाप्रबंधक ने मंडल के सभी शाखाधिकारियों के साथ बैठक कर विभिन्न विकास कार्यों, आधारभूत संरचना से जुड़ी परियोजनाओं और अन्य महत्वपूर्ण कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। संबंधित अधिकारियों ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से चल रहे कार्यों की वर्तमान स्थिति, प्रगति और भावी कार्ययोजनाओं की जानकारी दी।
निरीक्षण के दौरान मुख्य परियोजना प्रबंधक (निर्माण) संतोष गुप्ता, महाप्रबंधक के सचिव अखिल शुक्ल, वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) आशुतोष चौरसिया, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार अभियंता (मेन लाइन) मयंक अग्रवाल, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता (परिचालन) धर्मेश कुमार, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक अतुल यादव सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, पर्यवेक्षक और तकनीकी कर्मचारी उपस्थित रहे।
- रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS










