आठवें वेतन आयोग में देरी पर रेलवे कर्मचारी संघ की चेतावनी, 30% अंतरिम राहत मांगी
पीएलबी बोनस की गणना 18 हजार रुपये की सीमा से करने और दीपावली से पहले बकाया भुगतान की मांग
रिपोर्ट: नवीन यादव
झांसी। आठवें वेतन आयोग को शीघ्र लागू करने और कर्मचारियों को 30 प्रतिशत अंतरिम राहत देने की मांग को लेकर उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ ने मंगलवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय के बाहर द्वार सभा आयोजित की। भारतीय रेलवे मजदूर संघ के आह्वान पर 22 से 28 अक्टूबर तक चल रहे चेतावनी सप्ताह के तहत कर्मचारियों ने केंद्र सरकार से वेतन आयोग लागू करने में देरी नहीं करने की मांग की। साथ ही उत्पादकता आधारित बोनस (पीएलबी) की गणना 18 हजार रुपये की वेतन सीमा के आधार पर कर शेष राशि का भुगतान दीपावली से पहले करने की मांग उठाई।
मंडल अध्यक्ष सतीश कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में हुई सभा का संचालन कार्यकारी सदस्य अनिल कुमार शर्मा ने किया। सभा के बाद कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय पहुंचकर प्रधानमंत्री और रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा। अपर मंडल रेल प्रबंधक पीपी शर्मा ने ज्ञापन प्राप्त कर संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। कारखाना मंडल की ओर से भी ज्ञापन भेजा गया।
सातवें वेतन आयोग की तरह नुकसान की आशंका
संघ के जोनल अध्यक्ष हेमंत कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि सातवें वेतन आयोग के दौरान भत्तों के 18 महीने के बकाये का नुकसान कर्मचारियों को उठाना पड़ा था। उन्होंने आशंका जताई कि आठवें वेतन आयोग में देरी से भी आर्थिक नुकसान हो सकता है। संघ नुक्कड़ सभाओं और द्वार सभाओं के माध्यम से कर्मचारियों को जागरूक कर रहा है।
उन्होंने माता-पिता को शामिल करते हुए रेल कर्मचारी के परिवार की चार इकाइयों के आधार पर न्यूनतम वेतन 72 हजार रुपये निर्धारित करने की मांग की। मंडल सचिव भानु प्रताप सिंह चंदेल ने कहा कि वर्तमान पीएलबी बोनस छठवें वेतन आयोग की वेतन सीमा के आधार पर दिया जा रहा है। संघ 18 हजार रुपये की सीमा के आधार पर बोनस निर्धारित कर अंतर की राशि दीपावली से पहले बकाये के रूप में देने की मांग कर रहा है।
मान्यता प्राप्त संगठनों पर भी उठाए सवाल
भारतीय मजदूर संघ के विभाग प्रमुख सीके चतुर्वेदी ने कहा कि उत्तर मध्य रेलवे कर्मचारी संघ मान्यता प्राप्त संगठन नहीं होने के बावजूद कर्मचारियों की समस्याओं के लिए संघर्ष कर रहा है। उन्होंने मान्यता प्राप्त संगठनों पर कर्मचारियों के मुद्दों पर अपेक्षित संघर्ष नहीं करने का आरोप लगाया।
सभा के अंत में मंडल अध्यक्ष सतीश कुमार गुप्ता ने कर्मचारियों की भागीदारी के लिए आभार जताया। कार्यक्रम में मंडल कार्यकारी अध्यक्ष मनीष बाजपेई, कारखाना मंडल अध्यक्ष संजीव वर्मा, सचिव संतोष राठौर, आरती तमौरी, नीरज श्रीवास्तव, राम रूप मीणा, अंकित श्रीवास्तव सहित विभिन्न पदाधिकारी और सैकड़ों कर्मचारी उपस्थित रहे।










