बुंदेलखंड राज्य की बात करो’—50 विधायकों के पुतले फूंके रवि शर्मा-बृजभूषण राजपूत समेत छह विधायक निशाने से बाहर, 21 अक्टूबर से अनशन-सत्याग्रह का ऐलान

 

झांसी। बुंदेलखंड राज्य के गठन की मांग को लेकर बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा ने सोमवार को कचहरी चौराहे पर प्रदर्शन कर अपना आक्रोश जताया। मोर्चा अध्यक्ष भानु सहाय के नेतृत्व में प्रदर्शनकारियों ने बुंदेलखंड राज्य का समर्थन नहीं करने वाले बताए गए 50 विधायकों के सामूहिक पुतले फूंके। इस दौरान “बुंदेलखंड के विधायकों शर्म करो, बुंदेलखंड राज्य की बात करो” के नारे लगाए गए।

मोर्चा अध्यक्ष भानु सहाय ने कहा कि झांसी सदर विधायक रवि शर्मा, चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत समेत छह विधायक बुंदेलखंड राज्य के समर्थन में आवाज उठा रहे हैं, इसलिए उनके पुतले नहीं फूंके गए। प्रदर्शन के दौरान “कसम राम की खाते हैं, बुंदेलखंड राज्य बनवाएंगे” और “बुंदेलखंड तो लेंगे-लेंगे, जैसे दोगे वैसे लेंगे” जैसे नारे भी लगाए गए।

तीन साल के वादे पर 12 साल से सवाल

भानु सहाय ने कहा कि प्रभु श्रीराम को साक्षी मानकर तीन साल के भीतर बुंदेलखंड राज्य बनवाने का वादा किया गया था। उनके अनुसार, तीन साल के बजाय 12 साल से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन राज्य गठन की दिशा में अभी तक ठोस कार्रवाई शुरू नहीं हुई है।

उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ताधारी दल के जनप्रतिनिधियों ने बुंदेलखंड राज्य के मुद्दे को अपेक्षित मजबूती से नहीं उठाया। इसी के विरोध में ‘तुम्हें प्रभु राम कौ कोल (कसम)’ अभियान शुरू करने की घोषणा की गई है।

21 अक्टूबर से अनशन-सत्याग्रह

मोर्चा के मुताबिक 21 अक्टूबर से झांसी में अनशन, सत्याग्रह और ‘तुम्हें प्रभु राम कौ कोल’ अभियान शुरू किया जाएगा। मोर्चा ने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव, 2028 के मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव और 2029 के लोकसभा चुनाव के दौरान बुंदेलखंड क्षेत्र में इस अभियान को आगे बढ़ाने की बात कही है।

इसके अलावा बुंदेलखंड के मेडिकल कॉलेजों, सरकारी अस्पतालों और सीएचसी-पीएचसी में रिक्त पदों को भरने, बुंदेलखंड विश्वविद्यालय को 100 प्रतिशत सरकारी सहायता प्राप्त विश्वविद्यालय बनाने, महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज को एम्स स्तर पर उच्चीकृत करने तथा क्षेत्र में संचालित कथित अवैध नर्सिंग होम की समयबद्ध उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग भी उठाई गई।

प्रदर्शन में अशोक सक्सेना एडवोकेट, रघुराज शर्मा, उत्कर्ष साहू, प्रदीप नाथ झा एडवोकेट, अनुराग मिश्रा एडवोकेट, सचिन साहू एडवोकेट, नरेश वर्मा, गोलू ठाकुर, प्रेम सपेरा, प्रभुदयाल कुशवाहा, अनिल कश्यप, राजेश लोहिया, राजपाल सिंह बुंदेला, रामजी सिंह पारीछा, अभिषेक तिवारी, शाहजहां बेगम, राधा वर्मा, शवनम खान, रजनी वर्मा और मनोज प्रजापति पारीछा समेत बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

रिपोर्ट: नवीन यादव
VERDICT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *