दादर-बलिया एक्सप्रेस में 14 टोंटियां चोरी, बाँदा में आरोपी गिरफ्तार! स्लीपर कोचों को बनाया निशाना, आरपीएफ महोबा-बाँदा की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई ₹1,200 की रेलवे संपत्ति बरामद, रेलवे अधिनियम के तहत मामला दर्ज
बाँदा। दादर-बलिया एक्सप्रेस के स्लीपर कोचों से नल की टोंटियां चोरी करने के मामले में रेलवे सुरक्षा बल की महोबा और बाँदा पोस्ट की संयुक्त टीम ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से रेलवे कोचों में लगने वाली 14 नल की टोंटियां बरामद हुईं, जिनकी अनुमानित कीमत 1,200 रुपये बताई गई है।
रेलवे सुरक्षा बल से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 8 अक्टूबर 2026 को आरपीएफ की संयुक्त टीम ने गाड़ी संख्या 11043 डाउन दादर-बलिया एक्सप्रेस में कार्रवाई की। इस दौरान रामकृपाल अहिरवार (42) को टोंटियां चोरी करने के आरोप में पकड़ा गया।
गिरफ्तार आरोपी रामकृपाल अहिरवार, पुत्र शिवचरण अहिरवार, निवासी ग्राम अभउ, तहसील गौरिहार, थाना प्रकाश बमहौरी, जिला छतरपुर, मध्य प्रदेश का रहने वाला है। उसके पास से रेलवे कोचों में इस्तेमाल होने वाली 14 नल की टोंटियां बरामद की गईं।
रेलवे संपत्ति चोरी पर मामला दर्ज
आरपीएफ बाँदा पोस्ट पर अपराध संख्या 01/2026 के तहत रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम की धारा 3 तथा रेलवे अधिनियम की धारा 137 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया। संबंधित प्रविष्टि बाँदा पोस्ट पर क्रमांक 29 के तहत शाम 7:05 बजे दर्ज की गई।
संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अमित कुमार द्विवेदी, आरपीएफ महोबा; सहायक उपनिरीक्षक विनय कुमार तथा कांस्टेबल किशुनलाल और कांस्टेबल अरविंद कुमार, आरपीएफ बाँदा पोस्ट शामिल रहे।
रिपोर्ट: नवीन यादव
VERDICT NEWS










