31 अक्टूबर को सोनाली मिश्रा की सेवानिवृत्ति, नए नेतृत्व को लेकर बढ़ी हलचल अनुपमा निलेकर चंद्रा, समाप्त मीणा, जितेंद्र कुमार और राजा श्रीवास्तव के नामों पर चर्चा
**नई दिल्ली।** सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की महानिदेशक सोनाली मिश्रा की 31 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित सेवानिवृत्ति से पहले बल के नए शीर्ष नेतृत्व को लेकर प्रशासनिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। नए महानिदेशक की संभावित नियुक्ति को लेकर 1993 और 1994 बैच के चार वरिष्ठ भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारियों के नाम सामने आने की चर्चा है।
इनमें अनुपमा निलेकर चंद्रा, समाप्त मीणा, जितेंद्र कुमार और राजा श्रीवास्तव के नाम बताए जा रहे हैं। हालांकि, इन नामों को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और किसी अधिकारी की नियुक्ति की घोषणा भी नहीं की गई है।
सूत्रों के मुताबिक, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग में महानिदेशक (अन्वेषण) के पद पर तैनात अनुपमा निलेकर चंद्रा के नाम पर भी चर्चा है। वह इससे पहले सशस्त्र सीमा बल में विशेष महानिदेशक के पद पर सेवाएं दे चुकी हैं। वहीं, केंद्रीय जांच ब्यूरो में विशेष निदेशक के पद पर तैनात समाप्त मीणा का नाम भी संभावित दावेदारों में बताया जा रहा है।
इसके अतिरिक्त बिहार कैडर के 1993 बैच के आईपीएस अधिकारी जितेंद्र कुमार और उत्तर प्रदेश कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी राजा श्रीवास्तव के नाम भी चर्चा में होने की जानकारी सामने आई है।
### किस अधिकारी को मिलेगी आरपीएफ की कमान?
आरपीएफ के नए महानिदेशक का चयन सुरक्षा व्यवस्था और प्रशासनिक अनुभव के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि केंद्र सरकार किस अधिकारी के नाम पर अंतिम निर्णय लेती है।
फिलहाल, संभावित नामों को लेकर चर्चाएं जारी हैं। नियुक्ति के संबंध में आधिकारिक आदेश जारी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
**रिपोर्ट: नवीन यादव**
**VERDICT NEWS**










