उत्तर मध्य रेलवे में प्रशासनिक फेरबदल, चार वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदलीं राजीव कुमार सिंह बने मुख्य परियोजना प्रबंधक, मनीष शर्मा को मुख्य अभियंता सामान्य की जिम्मेदारी संतोष कुमार मिश्रा को योजना एवं डिजाइन का दायित्व, असद सईद का अतिरिक्त प्रभार समाप्त
प्रयागराज। उत्तर मध्य रेलवे में वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यभार और पदस्थापना में बदलाव किया गया है। महाप्रबंधक कार्यालय, प्रयागराज की ओर से 8 अक्टूबर 2026 को जारी कार्यालय आदेश संख्या PERS/GAZ/HQ/208/2026 के तहत चार वरिष्ठ अधिकारियों से संबंधित प्रशासनिक निर्णय लिए गए हैं। सक्षम अधिकारी के अनुमोदन से जारी आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
आदेश के अनुसार, मुख्य अभियंता/निर्माण/उत्तर मध्य रेलवे के पद पर कार्यरत असद सईद को मुख्य परियोजना प्रबंधक/निर्माण/प्रयागराज का अतिरिक्त प्रभार देने की व्यवस्था समाप्त कर दी गई है। उन्हें यह जिम्मेदारी 18 सितंबर 2026 को जारी पूर्व आदेश के माध्यम से दी गई थी।
वहीं, राजीव कुमार सिंह को मुख्य अभियंता/सामान्य, उत्तर मध्य रेलवे के पद से स्थानांतरित कर मुख्य परियोजना प्रबंधक/निर्माण/प्रयागराज की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उनके स्थान पर मनीष शर्मा को मुख्य अभियंता/सामान्य, उत्तर मध्य रेलवे के पद पर तैनात किया गया है। मनीष शर्मा इससे पहले मुख्य अभियंता/योजना एवं डिजाइन के पद पर कार्यरत थे।
इसी क्रम में, आदेश की प्रतीक्षा कर रहे पूर्व मुख्य परियोजना प्रबंधक/निर्माण/प्रयागराज संतोष कुमार मिश्रा को मुख्य अभियंता/योजना एवं डिजाइन, उत्तर मध्य रेलवे के पद पर पदस्थापित किया गया है। वह इस पद पर मनीष शर्मा का स्थान लेंगे।
महाप्रबंधक कार्यालय से जारी आदेश में संबंधित अधिकारियों को वर्तमान पदभार छोड़ने और नए पद का कार्यभार ग्रहण करने की सूचना कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश पर महाप्रबंधक/राजपत्रित की ओर से मो. नवाब आलम के डिजिटल हस्ताक्षर हैं।
रिपोर्ट: नवीन यादव
VERDICT NEWS










