डीआरएम अनिरुद्ध कुमार की पहल पर पेंशनर्स के लिए विशेष ओपीडी शुरू
झांसी। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने बुधवार को मंडल रेल चिकित्सालय, झांसी में सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों के लिए वातानुकूलित विशेष ओपीडी का शुभारंभ किया। इस सुविधा से पेंशनर्स को बेहतर और सुविधाजनक वातावरण में चिकित्सा परामर्श मिल सकेगा।
यह ओपीडी डीआरएम के मार्गदर्शन और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. कुलदीप स्वरूप मिश्रा के प्रयासों से शुरू की गई है। इस अवसर पर डीआरएम ने कहा कि सेवानिवृत्त रेल कर्मचारी रेलवे की महत्वपूर्ण धरोहर हैं। उनके स्वास्थ्य और कल्याण का ध्यान रखना प्रशासन की प्राथमिकता है।
शुभारंभ समारोह में अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. सुनीता तिर्की, वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. सिद्धार्थ कुमार केशरवानी सहित चिकित्सालय के अन्य चिकित्सक, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। पेंशनर्स ने इस पहल पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए रेलवे प्रशासन के प्रति आभार जताया।










