त्योहारी भीड़ से निपटने को झांसी के लिए दो विशेष ट्रेनें, हुबल्ली और मैसूरु से होंगी रवाना
एक-एक फेरा लगाएंगी वन-वे विशेष एक्सप्रेस, 20 कोच के साथ यात्रियों को मिलेगी सुविधा
झांसी। त्योहारी सीजन में यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेलवे ने हुबल्ली और मैसूरु से वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी के बीच एक-एक वन-वे विशेष एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों के संचालन से यात्रियों को राहत मिलेगी और अतिरिक्त यात्री भार कम करने में मदद मिलेगी।
गाड़ी संख्या 07349 हुबल्ली–वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी विशेष एक्सप्रेस 22 अक्टूबर को रात 11:50 बजे हुबल्ली से रवाना होगी। यह गडग, बादामी, बागलकोट, बीजापुर, सोलापुर, दौंड, कोपरगांव, मनमाड, भुसावल, इटारसी और रानी कमलापति होते हुए 23 अक्टूबर को सुबह 6:30 बजे झांसी पहुंचेगी।
वहीं, गाड़ी संख्या 06275 मैसूरु–वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी विशेष एक्सप्रेस 21 अक्टूबर को शाम 5:05 बजे मैसूरु से प्रस्थान करेगी। यह एसएमवीटी बेंगलुरु, धर्मावरम, सिकंदराबाद, काजीपेट, बल्हारशाह, नागपुर, इटारसी और भोपाल होते हुए 22 अक्टूबर को सुबह 10 बजे झांसी पहुंचेगी।
दोनों विशेष ट्रेनों में कुल 20 कोच होंगे। इनमें 12 जीएससीएन, छह सामान्य श्रेणी के जीएस तथा दो एसएलआरडी कोच शामिल हैं। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले ट्रेन की समय-सारिणी और अन्य जानकारी के लिए रेलवे पूछताछ सेवा 139 अथवा एनटीईएस का उपयोग करने की अपील की है।










