सम्राट चौधरी ने ली बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ, उनके साथ शपथ लेने वाले विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव कौन हैं?
सम्राट चौधरी ने बिहार के नए मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ले ली है. वो राज्य में भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री हैं.
उनके साथ जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव ने भी मंत्री पद के तौर पर शपथ ली.
माना जा रहा है कि विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव दोनों उप मुख्यमंत्री के रूप में पद संभालेंगे. बीजेपी के कई नेताओं ने उन्हें डिप्टी सीएम पद की बधाई भी दी है.
शपथ ग्रहण समारोह में नीतीश कुमार भी मौजूद रहे.
शपथ ग्रहण समारोह के बाद विजय कुमार चौधरी ने मीडिया से बात करते हुए कहा, “नीतीश जी ने मुझ पर विश्वास जताया ये उसी का नतीजा है. उन्होंने बिहार को जिस रास्ते पर बढ़ाया है उसी रास्ते पर हमारी नई सरकार भी चलेगी.” वहीं बिजेंद्र प्रसाद यादव ने कहा, “हम नीतीश कुमार जी के काम ही आगे बढ़ाएंगे.”
समारोह में मौजूद केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने कहा, “मैं नए सीएम के बनने से ख़ुश भी हूं और बेहद भावुक भी. मैं आज जो भी हूं वो नीतीश जी की वजह से हूं. उन्होंने ही 2014 में मुझे सीएम बनाया था. उनकी वजह से एक महादलित समाज से आने वाला व्यक्ति मुख्यमंत्री बना.”










