तिलक समारोह में खाना खाने से 40 लोगों की बिगड़ी तबीयत, पनीर में गड़बड़ी की वजह से बीमार पड़ने की आशंका

शिवगढ़, रायबरेली में एक तिलक समारोह में भोजन के बाद 40 लोग बीमार पड़ गए। पनीर खाने से हालत बिगड़ने की आशंका है। 22 लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां पांच घंटे उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।

तिलक समारोह में शामिल 40 लोग बीमार हो गए। इनमें 22 की हालत अधिक खराब होने के कारण उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां करीब पांच घंटे सभी को भर्ती रखा गया। उसके बाद तबीयत ठीक होने पर घर भेज दिया गया। कस्बे के सुशील गुप्ता के यहां तिलक समारोह था, तमाम लोग आमंत्रित थे।

जिलेदार मैरेज हाल बछरावां में आयोजित कार्यक्रम में सभी शामिल हुए। बताया जा रहा है कि पनीर खाने से देर रात कई लोगों की हालत बिगड़ने लगी।कस्बे के रहने वाले राजन गुप्ता के पुत्र सुशील गुप्ता का बुधवार की रात तिलकोत्सव था। कार्यक्रम में शामिल होने उनके मुहल्ले के लोगों समेत चिर परिचित व रिश्तेदार मैरिज लान पहुंचे। विधि विधान के अनुसार सभी कार्यक्रम किए गए।

इसके बाद लोगों ने भोजन किया। भोजन के बाद अधिकतर लोग वापस घर चले गए, जबकि कुछ लोग रुके रहे। इसी दौरान देर रात अचानक करीब 40 लोगों को उल्टियां शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि कस्बा निवासी सुमन, आदर्श, प्रेमा, शकीला, कुसुम लता, ज्ञानेंद्र, अजय जायसवाल, वर्षा, प्रदीप सिंह, सचिन, मुराद, सोनू, साधना समेत 22 लोगों को अधिक समस्या होने के चलते परिवारजन उन्हें देर रात सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां उनका उपचार किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *