सब्जी मंडी के टायलेट में रखी थीं हरी सब्जियां, वीडियो वायरल हुआ तो मचा हड़कंप; मंडी सचिव से जवाब तलब

मवाना की नवीन सब्जी-फल मंडी में टॉयलेट के अंदर हरी सब्जियां रखने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। वीडियो वायरल होने के बाद एसडीएम ने मंडी सचिव से स्पष्टीकरण मांगा है.

नगर की नवीन सब्जी-फल मंडी में लोगों की सेहत से खिलवाड़ करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मंडी प्रशासन की मिलीभगत से आढ़ती ने मंडी परिसर के टायलेट में हरी सब्जी टमाटर, भिंडी, तोरई, हरी मिर्च आदि को पालीथिन बैग में भरकर भंडारण किया गया। जैसे ही शनिवार को सारे प्रकरण का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ तो एसडीएम संतोष कुमार सिंह ने मंडी सचिव से स्पष्टीकरण मांगा है।

मंडी में आने वाले किसान, आढ़ती व ग्राहकों के लिए टायलेट उपयोगी है, लेकिन कुछ लोगों ने अपने स्वार्थ के लिए उसे भी व्यावसायिक उपयोग में ले लिया। ऐसा करके लोगों के स्वास्थ्य से भी खिलवाड़ किया जा रहा है। मंडी प्रशासन की मिलीभगत से प्रधान ट्रेडिंग कंपनी के आढ़ती ने टायलेट को ही सब्जी का गोदाम बना दिया।

मंडी प्रशासन ने इस ओर से आंखे मूंद ली। शनिवार को एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हो गया, जिसमें पालिथीन बैग में टमाटर, तोरई, हरी मिर्च, पुदीना, धनिया, लौकी व भिंडी भरकर टायलेट में भंडारण की गई थी। यह धंधा काफी समय से चल रहा था। मामला एसडीएम के संज्ञान में भी पहुंचा तो मंडी प्रशासन ने आनन फानन में सब्जी बाहर निकलाकर दूसरे स्थान पर रखवा दीं।

उपयोग में नहीं था टायलेट
उक्त टायलेट चोक होने पर काफी समय से यह उपयोग में नहीं था। प्रधान ट्रेडिंग कंपनी के आनर अभय ने बिना जानकारी दिए इसे उपयोग में लेने लगा। उसे नोटिस जारी किया है और जवाब मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ी तो उसका लाइसेंस भी निरस्त किया जाएगा।-अर्जुन सिंह, सचिव नवीन मंडी समिति, मवाना।

मंडी सचिव से स्पष्टीकरण मांगा है
टायलेट में सब्जियों का भंडारण गंभीर विषय है। उक्त मामले में मंडी सचिव से स्पष्टीकरण मांगा है। जवाब मिलने पर जिम्मेदारों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।-संतोष कुमार सिंह, एसडीएम मवाना।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *