डायट व कस्तूरबा विद्यालय परिसर में घूमने आता था गुलदार, बच्चे व स्टाफ था दहशत में; यूं हुआ पिंजरे में कैद
बिजनौर के इस्माइलपुर गांव स्थित डायट और कस्तूरबा गांधी विद्यालय परिसर में एक गुलदार पिंजरे में कैद हो गया। कई दिनों से परिसर में देखे जाने से बच्चों और स्टाफ में दहशत थी, जिसे वन विभाग ने रेस्क्यू किया।
गांव इस्माइलपुर स्थित जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्था (डायट) व कस्तूरबा गांधी विद्यालय परिसर में लगे पिंजरे में गुलदार कैद हो गया। वह पिछले कई दिन से यहां देखा जा रहा था, जिससे स्कूली बच्चों व स्टाफ में भय का माहौल था। मामले की जानकारी होने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और गुलदार को रेंज कार्यालय ले जाने की तैयारी की।
नूरपुर मार्ग पर गांव इस्माइलपुर के पास एक ही परिसर में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय है। कस्तूरबा विद्यालय में करीब डेढ़ सौ से 200 बच्चे व अन्य स्टाफ रहता है। बताया जा रहा है कि पिछले कई दिन से यहां गुलदार देखा जा रहा था। गुलदार आवासीय विद्यालय के चारदिवारी कूदकर वह परिसर में घुस आता था। इससे बच्चों व स्टाफ को लगातार खतरा बना था। स्टाफ द्वारा वन विभाग को इसकी सूचना दी गई।
दो दिन पूर्व वन विभाग की टीम ने वहां पर पिंजरा लगाया था। शनिवार रात गुलदार पिंजरे में कैद हो गया। उसके गुर्राने की आवाज सुन स्टाफ व बच्चे बाहर आ गए। पिंजरे में गुलदार फंसा देख हड़कंप मच गया। उन्होंने वन विभाग की टीम को सूचना दी। रविवार सुबह के समय टीम वहां पहुंच गई और उसे रेस्क्यू कर कार्यालय लाने की तैयारी शुरू की। रेंजर दुष्यंत सिंह ने बताया कि पिंजरे में कैद मादा गुलदार है। जिसकी उम्र 7 से 8 साल से अधिक है।










