गर्मी से फिर बेहोश हुईं शेखपुरा के लोदीपुर कस्तूरबा विद्यालय की छात्राएं, सदर अस्‍पताल में भर्ती

शेखपुरा के लोदीपुर कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में लगातार तीसरे दिन छात्राएं बेहोश हुईं, जिन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन ने अत्यधिक गर्मी को इसका कारण बताया है।

सदर प्रखंड स्थित लोदीपुर कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में छात्राओं के लगातार बीमार होने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है।

सोमवार को तीसरे दिन भी करीब एक दर्जन छात्राएं अचानक बेहोश हो गईं, जिसके बाद विद्यालय प्रशासन में हड़कंप मच गया।

सदर अस्‍पताल में चल रहा इलाज

सभी छात्राओं को आनन-फानन में इलाज के लिए शेखपुरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका उपचार जारी है।

गौरतलब है कि शनिवार शाम को भी विद्यालय की लगभग दो दर्जन छात्राएं बेहोश हो गई थीं। उस समय प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें वापस विद्यालय भेज दिया गया था।

अत्‍यध‍िक गर्मी के कारण हो रही समस्‍या

लेकिन लगातार तीसरे दिन फिर से छात्राओं के बेहोश होने की घटना ने अभिभावकों और प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है।छात्राओं ने बताया कि अत्यधिक गर्मी के कारण यह स्थिति उत्पन्न हो रही है।

वहीं पहले दिन कुछ छात्राओं ने प्रार्थना सभा के बाद दालमोट और भूंजा खाने के बाद तबीयत बिगड़ने की बात कही थी।
हालांकि जिला शिक्षा पदाधिकारी तनवीर आलम समेत प्रशासनिक अधिकारियों ने खाद्य पदार्थों से बेहोशी की आशंका से इनकार करते हुए गर्मी और उमस को मुख्य कारण बताया है।

इस घटना के बाद शिक्षा विभाग ने जिले के अन्य स्कूलों और आवासीय विद्यालयों को भी अलर्ट जारी किया है। स्कूल प्रबंधन को निर्देश दिए गए हैं कि बच्चों को समय-समय पर पानी पिलाया जाए, कक्षाओं में पंखे और कूलर की व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए तथा किसी भी छात्र की तबीयत खराब होने पर तुरंत चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराई जाए।

विशेषज्ञों का मानना है कि जलवायु परिवर्तन और बढ़ती गर्मी के कारण ऐसी घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। बच्चों की सुरक्षा के लिए स्कूलों में स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं को मजबूत करना बेहद जरूरी हो गया है।

फिलहाल अस्पताल में भर्ती छात्राओं की हालत स्थिर बताई जा रही है। डॉक्टर लगातार उनकी निगरानी कर रहे हैं। प्रशासन ने भी भरोसा दिलाया है कि छात्राओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर किसी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *