झाँसी में एसएसपी की पत्रकार वार्ता में खुलासा—वसूली की कथित साजिश में युवक की मौत, पुलिसकर्मी समेत आठ गिरफ्तार पुलिस का दावा—ड्रग्स के नमूने के बहाने बुलाकर जेल भेजने का भय दिखाकर धन वसूलने की थी योजना तीन चारपहिया वाहन और सात मोबाइल बरामद, प्रेमनगर थाना क्षेत्र का मामला
रिपोर्ट नवीन यादव
झाँसी। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में युवक परवेज अली की हत्या के मामले का वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने पत्रकार वार्ता में खुलासा किया। पुलिस ने मामले में प्रेमनगर थाने में तैनात आरक्षी 649 आशीष सिंह समेत आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त लाल रंग की इग्निस कार सहित तीन चारपहिया वाहन और सात मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार विजय नगर, नहर रोड निवासी आसन उर्फ एहसान अली ने 16 सितंबर को प्रेमनगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक उनका करीब 21 वर्षीय पुत्र परवेज अली 13 सितंबर की रात करीब नौ से दस बजे के बीच रैपिडो बुक कर घर से निकला था। उसने एक-दो घंटे में लौटने की बात कही थी। रात करीब एक बजे परिजनों को सूचना मिली कि परवेज नगरा हाट में नशे की हालत में मिला है और उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंचे तो उसकी मृत्यु हो चुकी थी।
पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम में शरीर पर चोट के निशान पाए गए। इसके बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई। मामले में मुकदमा अपराध संख्या 0424/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
ड्रग्स के नमूने के बहाने बुलाने का पुलिस का दावा
पुलिस के मुताबिक विवेचना के दौरान सामने आया कि आरोपियों ने आरक्षी आशीष सिंह के साथ मिलकर ड्रग्स का नमूना लेने के बहाने परवेज को बुलाने की कथित योजना बनाई थी। पुलिस का दावा है कि उसे अवैध रूप से कब्जे में लेकर जेल भेजने का भय दिखाकर धन वसूलने की योजना थी।
पुलिस के अनुसार इसी योजना के तहत युवक को वाहन में बैठाकर प्रेमनगर थाना क्षेत्र में ले जाया जा रहा था। रास्ते में युवक को आरोपियों की कथित मंशा का पता चल गया, जिसके बाद वाहन में हाथापाई और शोर-शराबा हुआ। पुलिस का दावा है कि इसी दौरान हुई मारपीट में युवक की मौत हो गई। इसके बाद आरोपी शव को छोड़कर फरार हो गए।
तीन वाहन और सात मोबाइल बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लाल रंग की इग्निस कार, ईको स्पोर्ट्स और मारुति सुजुकी एस-क्रॉस सहित तीन चारपहिया वाहन तथा सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में प्रयांश सोनी, जय श्रीवास्तव उर्फ अमन, साहिल मिश्रा, भूपेंद्र वंशकार, यश शिवहरे उर्फ बिट्टू, अशिगल खान, शनि नामदेव और प्रेमनगर थाने में तैनात आरक्षी 649 आशीष सिंह शामिल हैं। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
रिपोर्ट: नवीन यादव










