डीआरएम अनिरुद्ध कुमार का सख्त निर्देश—15 अक्टूबर तक पूरा हो आगासोद–बीना तीसरी लाइन का काम 9 किलोमीटर के शेष हिस्से का लिया जायजा, नॉन-इंटरलॉकिंग तैयारियों की समीक्षा बीना–आगासोद यार्ड रीमॉडलिंग और तीसरी लाइन के कनेक्शन पर जोर
रिपोर्ट नवीन यादव
झाँसी। झाँसी–बीना रेलखंड पर तीसरी लाइन के शेष कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने की तैयारी तेज हो गई है। शुक्रवार, 18 सितंबर को मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने आगासोद–बीना तीसरी लाइन कार्यस्थल का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों और आगामी नॉन-इंटरलॉकिंग कार्यों की तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने तीसरी लाइन के लगभग 9 किलोमीटर के शेष हिस्से में चल रहे अभियांत्रिकी एवं सिविल कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। डीआरएम ने संबंधित अधिकारियों को सभी कार्य संरक्षा मानकों के अनुरूप तेजी से पूरा करने तथा 15 अक्टूबर 2026 तक कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने नॉन-इंटरलॉकिंग सहित शेष कार्यों की विस्तृत कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए तैयारियों और प्रगति की प्रतिदिन निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
15 अक्टूबर को मेगा ब्लॉक प्रस्तावित
तीसरी लाइन को रेल नेटवर्क से जोड़ने के लिए 15 अक्टूबर 2026 को मेगा ब्लॉक प्रस्तावित है। इसके अंतर्गत बीना एवं आगासौद यार्ड में रीमॉडलिंग तथा तीसरी लाइन के कनेक्शन से संबंधित कार्य किए जाएंगे। डीआरएम ने सभी संबंधित अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा कर आवश्यक कार्य समयबद्ध रूप से पूरा करने के निर्देश दिए।
रेलवे के अनुसार, शेष हिस्सा पूरा होने के साथ धौलपुर से बीना तक तीसरी लाइन का कार्य पूर्ण हो जाएगा। इससे इस महत्वपूर्ण रेलखंड की लाइन क्षमता बढ़ाने और रेल परिचालन को अधिक सुगम बनाने में सहायता मिलेगी।
रिपोर्ट: नवीन यादव










