सीसीटीवी में कैद दुस्साहस: दिनदहाड़े नल की टोटी निकालता दिखा युवक सिविल लाइन के हरे कृष्णा अपार्टमेंट में वारदात, गमले की आड़ में पहुंचकर टोटी निकालने का आरोप
रिपोर्ट नवीन यादव
झांसी। सिविल लाइन क्षेत्र स्थित हरे कृष्णा अपार्टमेंट में दिनदहाड़े नल की टोटी चोरी किए जाने की घटना सामने आई है। वारदात से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक युवक अपार्टमेंट के बाहर गमले के पास नल की ओर झुका हुआ दिखाई दे रहा है। फुटेज पर 18 सितंबर 2026 की तारीख दर्ज है।
सीसीटीवी तस्वीर में युवक सफेद रंग की शर्ट और नीली जींस पहने दिखाई दे रहा है। वह गमले की आड़ में नल के पास पहुंचा नजर आता है। स्थानीय लोगों के अनुसार इसी दौरान नल की स्टील की टोटी निकाल ली गई। घटना के बाद युवक के वहां से चले जाने की बात कही जा रही है।
बताया गया कि नल आलोक यादव के कार्यालय के बाहर गमले की आड़ में लगा था और इसका इस्तेमाल जरूरत के अनुसार पौधों में पानी देने के लिए किया जाता था। दिनदहाड़े हुई इस घटना ने अपार्टमेंट की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि अपार्टमेंट में लंबे समय से सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं है। क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों और वाहनों को लेकर भी पहले शिकायतें किए जाने की बात सामने आई है।
निवासियों ने पुलिस से सीसीटीवी फुटेज के आधार पर युवक की पहचान करने, घटना की जांच कराने और क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना में कौन शामिल था और चोरी की गई टोटी कहां ले जाई गई।










