पितृ पक्ष मेले पर गया स्टेशन की सुरक्षा कड़ी वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त दिनेश सिंह तोमर ने परखी तैयारियां, भीड़ बढ़ने पर अतिरिक्त बल की तैनाती के निर्देश प्लेटफॉर्म से प्रवेश-निकास तक निगरानी, संदिग्ध व्यक्ति-वस्तुओं पर पैनी नजर रखने को कहा आरपीएफ-जीआरपी और जिला पुलिस के बीच समन्वय पर जोर, आकस्मिक स्थिति में तत्काल कार्रवाई की तैयारी

रिपोर्ट: नवीन यादव

 

गया। पितृ पक्ष मेला-2026 में देश के विभिन्न हिस्सों से गया पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संभावित भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा तेज कर दी है। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, डीडीयू दिनेश सिंह तोमर ने गया रेलवे स्टेशन का निरीक्षण कर सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

 

निरीक्षण के दौरान प्लेटफॉर्म, प्रवेश एवं निकास द्वार, सर्कुलेटिंग क्षेत्र, यात्री प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, फुट ओवरब्रिज और यात्रियों की आवाजाही वाले प्रमुख स्थानों का निरीक्षण किया गया। भीड़ के दबाव को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षित आवाजाही और स्टेशन पर व्यवस्था बनाए रखने को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

 

वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ने आरपीएफ पोस्ट गया के प्रभारी निरीक्षक बनारसी यादव, जीआरपी थाना अध्यक्ष शिव कुमार, सहायक सुरक्षा आयुक्त गया संजय सिंह तथा सीआईबी निरीक्षक चंदन कुमार को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। संदिग्ध व्यक्तियों और वस्तुओं पर निगरानी के साथ महिला एवं बच्चों की सुरक्षा तथा यात्रियों के सामान की सुरक्षा पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।

 

भीड़ बढ़ने की स्थिति में अतिरिक्त बल की तैनाती और संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों से स्टेशन पर ऐसी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

 

जिला पुलिस के साथ भी समन्वय बैठक

 

वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ने एसपी सिटी के साथ समन्वय बैठक कर गया शहर और रेलवे स्टेशन पर मेले के दौरान संभावित भीड़, यातायात व्यवस्था, कानून-व्यवस्था और रेलवे परिसर की सुरक्षा पर चर्चा की। आरपीएफ, जीआरपी, जिला पुलिस और प्रशासन के बीच प्रभावी तालमेल बनाए रखने पर जोर दिया गया।

 

  1. बैठक में आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए त्वरित कार्रवाई तथा महत्वपूर्ण सूचनाओं के तत्काल आदान-प्रदान पर भी बल दिया गया। अधिकारियों को पितृ पक्ष मेला अवधि में पूरी तत्परता, सतर्कता और समन्वय के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *