आरपीएफ की अन्तर मंडलीय स्वान प्रतियोगिता में आगरा का विक्टर अव्वल झांसी का ब्रोनो दूसरे स्थान पर, प्रयागराज का सैम ट्रैकर श्रेणी में प्रथम
रिपोर्ट नवीन यादव
झांसी। रेलवे सुरक्षा बल, उत्तर मध्य रेलवे की अन्तर मंडलीय स्वान प्रतियोगिता का आयोजन झांसी मंडल में निर्धारित मानकों और अनुशासन के साथ किया गया। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जितेन्द्र कुमार शर्मा के निर्देशन तथा सहायक सुरक्षा आयुक्त के.एन. तिवारी के नेतृत्व में आयोजित प्रतियोगिता में झांसी, आगरा और प्रयागराज मंडल के पांच प्रशिक्षित स्वानों ने विभिन्न श्रेणियों में अपनी खोज क्षमता और दक्षता का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में विस्फोटक एवं बारूद की खोज, मादक पदार्थों की पहचान तथा अपराध से संबंधित साक्ष्यों की खोज जैसी महत्वपूर्ण क्षमताओं का परीक्षण किया गया। विस्फोटक पहचान श्रेणी में आगरा मंडल के लैब्राडोर स्वान ‘Victor’ ने प्रथम, झांसी मंडल के ‘Brono’ ने द्वितीय तथा प्रयागराज मंडल के ‘Jix’ ने तृतीय स्थान हासिल किया।
ट्रैकर श्रेणी में प्रयागराज के सैम ने मारी बाजी
Tracker श्रेणी में प्रयागराज मंडल के बेल्जियन शेफर्ड ‘Sam’ ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उसके हैंडलर एएसआई बी. लाल रहे। वहीं Narcotics Detection श्रेणी में प्रयागराज मंडल प्रथम रहा।
प्रतियोगिता में शामिल अन्य स्वानों में आगरा मंडल का ‘Yara’ नारकोटिक्स डिटेक्शन तथा प्रयागराज मंडल का ‘Jix’ एक्सप्लोसिव डिटेक्शन के लिए प्रशिक्षित है। प्रतियोगिता के दौरान स्वानों के साथ उनके हैंडलरों ने भी निर्धारित अभ्यास और परीक्षणों में व्यावसायिक दक्षता का प्रदर्शन किया।
21 से 27 अक्टूबर तक झांसी में जुटेंगे 70 स्वान
अन्तर मंडलीय प्रतियोगिता के बाद अब झांसी मंडल में अन्तर क्षेत्रीय रेलवे स्वान प्रतियोगिता की बड़ी चुनौती सामने है। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार 21 से 27 अक्टूबर 2026 तक प्रस्तावित इस प्रतियोगिता में भारतीय रेलवे के विभिन्न क्षेत्रीय रेलवे सुरक्षा बलों के लगभग 70 स्वान हिस्सा लेंगे।
इस बड़े आयोजन की तैयारियां झांसी मंडल आरपीएफ ने शुरू कर दी हैं। व्यवस्थाओं, प्रशिक्षण स्थलों, सुरक्षा, समन्वय और अन्य आवश्यक तैयारियों की लगातार समीक्षा की जा रही है। संबंधित विभागों के साथ समन्वय बैठकों का दौर भी जारी है।
अन्तर मंडलीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले स्वानों और उनके हैंडलरों का उत्साहवर्धन किया गया। अब झांसी मंडल के सामने अक्टूबर में होने वाली अन्तर क्षेत्रीय प्रतियोगिता को उच्च स्तरीय व्यवस्थाओं और पेशेवर दक्षता के साथ सफल बनाने की जिम्मेदारी है।
रिपोर्ट: नवीन यादव
VERDICT NEWS










