रायपुर में आज RPF का 42वां स्थापना दिवस समारोह, DG सोनाली मिश्रा करेंगी नेतृत्व महाप्रबंधक तरुण प्रकाश और IG मुनव्वर खुर्शीद सहित वरिष्ठ अधिकारी होंगे शामिल, ड्रोन व रोबोट ‘अर्जुन’ आकर्षण का केंद्र
रायपुर, 12 अक्टूबर। रेलवे सुरक्षा बल (RPF) का 42वां स्थापना दिवस समारोह आज रायपुर के रेलवे वर्कशॉप ग्राउंड में आयोजित होगा। समारोह का नेतृत्व आरपीएफ महानिदेशक सोनाली मिश्रा (IPS) करेंगी। इसमें रेलवे और सुरक्षा जगत के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।
वरिष्ठ अधिकारियों की रहेगी मौजूदगी
समारोह में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश और आरपीएफ महानिरीक्षक मुनव्वर खुर्शीद सहित छत्तीसगढ़ शासन, राज्य पुलिस और अन्य सुरक्षा बलों के अधिकारी मौजूद होंगे। आरपीएफ जवान अनुशासित परेड के जरिए अपने शौर्य और परिचालन दक्षता का प्रदर्शन करेंगे।
केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का कार्यक्रम था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से उनका रायपुर दौरा अंतिम समय में रद्द होने की जानकारी दी गई है।
ड्रोन और रोबोट ‘अर्जुन’ होंगे आकर्षण
समारोह में अत्याधुनिक ड्रोन, निगरानी प्रणालियों और ह्यूमनॉइड रोबोट ‘अर्जुन’ (ARJUN) का प्रदर्शन होगा। इन तकनीकों से रेलवे परिसरों, यात्रियों और रेल संपत्ति की सुरक्षा मजबूत करने के प्रयासों को प्रदर्शित किया जाएगा।
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए होगा सम्मान
रेलवे सुरक्षा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले आरपीएफ अधिकारियों और जवानों को राष्ट्रपति पदक एवं आरपीएफ महानिदेशक पदक से सम्मानित किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर का स्थापना दिवस समारोह पहली बार रायपुर में आयोजित हो रहा है। आयोजन बल की उपलब्धियों, आधुनिक तकनीक और रेल यात्रियों की सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करेगा।
रिपोर्ट: नवीन यादव
VERDICT NEWS










