मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने दिखाई हरी झंडी, एसएसपी विकास कुमार की मौजूदगी में निकली मिशन शक्ति की जागरूकता रैली झांसी में 150 से अधिक छात्राओं ने दिया महिला सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन का संदेश
झांसी। शारदीय नवरात्रि पर महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सोमवार को मिशन शक्ति फेज-6 के तहत जन-जागरूकता रैली निकाली गई। वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई किले से मंडलायुक्त बिमल कुमार दुबे ने हरी झंडी दिखाकर रैली रवाना की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार की मौजूदगी में महिला सुरक्षा का संदेश दिया गया।
रैली में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. अरविंद कुमार, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी सदर सिमरन सिंह, क्षेत्राधिकारी रामवीर सिंह, क्षेत्राधिकारी कार्यालय मुकेश कुमार तथा क्षेत्राधिकारी महिला अपराध आसमा वकार के नेतृत्व में महिला पुलिस बल ने भागीदारी की।
10 बालिका विद्यालयों की छात्राओं ने लिया हिस्सा
रैली में 10 बालिका विद्यालयों की 150 से अधिक छात्राओं और एनसीसी कैडेट्स ने प्रतिभाग किया। जिला विद्यालय निरीक्षक रति वर्मा, राष्ट्रपति शिक्षक पुरस्कार प्राप्त शिक्षाविद एवं वरिष्ठ समाजसेविका डॉ. नीति शास्त्री, परिवार परामर्श केंद्र के सदस्य अशोक अग्रवाल तथा सूरज प्रसाद राजकीय बालिका विद्यालय की प्रवक्ता डॉ. आसमा खान सहित गणमान्य लोग शामिल हुए।
डॉ. राजेंद्र प्रसाद कन्या इंटर कॉलेज, हाफिज सिद्दीकी नेशनल गर्ल्स इंटर कॉलेज, सरजू प्रसाद राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, लोकमान्य तिलक इंटर कॉलेज और पं. कृष्ण शर्मा कन्या इंटर कॉलेज सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।
हेल्पलाइन और अधिकारों की दी जानकारी
रैली वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई किले से शुरू होकर जीवनशाह तिराहा और इलाइट चौराहा होते हुए महिला थाना, पुलिस लाइन परिसर में संपन्न हुई। इस दौरान महिलाओं एवं बालिकाओं को सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही महिला सुरक्षा हेल्पलाइन नंबरों, सरकारी कल्याणकारी योजनाओं और कानूनी अधिकारों की जानकारी दी गई।
महिला सुरक्षा के प्रति झांसी पुलिस प्रतिबद्ध
मिशन शक्ति फेज-6 का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा की भावना मजबूत करना, उन्हें अधिकारों के प्रति जागरूक बनाना और पुलिस व्यवस्था पर विश्वास कायम करना है। अभियान ने संदेश दिया कि महिला सुरक्षा पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। झांसी पुलिस ने महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
रिपोर्ट: नवीन यादव
सम्पादक: आलोक प्रकाश










