टिकट नहीं तो जेब ढीली! मुरैना स्टेशन पर रेलवे का हंटर, 122 यात्रियों से वसूले ₹98 हजार

   

झांसी। बिना टिकट रेल यात्रा करने वालों के खिलाफ उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल ने सख्ती दिखाई। 13 अक्टूबर 2026 को मुरैना रेलवे स्टेशन पर सघन टिकट जांच अभियान चलाया गया। इस दौरान 122 बिना टिकट यात्रियों से करीब 98 हजार रुपये जुर्माना एवं किराए के रूप में वसूल किए गए।

मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के मार्गदर्शन, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा के निर्देशन तथा सहायक वाणिज्य प्रबंधक आरके वर्मा के नेतृत्व में अभियान संचालित किया गया। इसका उद्देश्य बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर अंकुश लगाना और यात्रियों को वैध टिकट लेकर सफर करने के प्रति जागरूक करना था।

ट्रेनों से लेकर प्रवेश-निकास द्वारों तक जांच

अभियान के दौरान टिकट जांच कर्मचारियों, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीम ने स्टेशन से गुजरने वाली विभिन्न ट्रेनों से उतरने वाले यात्रियों के टिकटों की सघन जांच की। स्टेशन के प्रवेश और निकास द्वारों पर भी टिकट जांच कर्मचारियों को तैनात किया गया, ताकि बिना टिकट यात्रा करने वालों की पहचान कर नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।

जांच के दौरान पकड़े गए 122 बिना टिकट यात्रियों से करीब 98 हजार रुपये की वसूली की गई। रेलवे की इस कार्रवाई के जरिए यात्रियों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि वैध टिकट के बिना यात्रा करना आर्थिक रूप से महंगा पड़ सकता है।

टिकट जांच टीम ने निभाई सक्रिय भूमिका

अभियान में मुख्य टिकट निरीक्षक अजेन्द्र कुमार, एसपी लाल, सोनू राय, देवी सिंह मीना और मुकेश मीना सहित आरपीएफ एवं जीआरपी के कर्मचारियों ने सक्रिय भूमिका निभाई। संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर में टिकट जांच व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए अभियान चलाया।

वैध टिकट लेकर ही करें यात्रा: अमन वर्मा

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा ने यात्रियों से अपील की कि वे रेल यात्रा के दौरान सदैव वैध टिकट लेकर चलें और रेलवे के नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि टिकट जांच अभियानों का उद्देश्य केवल अर्थदंड वसूलना नहीं, बल्कि बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा पर प्रभावी रोक लगाना तथा यात्रियों को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुविधाजनक रेल यात्रा उपलब्ध कराना भी है।

रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *