बीना-आगासोद तीसरी रेल लाइन का CRS निरीक्षण पूरा, 120 किमी/घंटे की रफ्तार से सफल स्पीड ट्रायल रेल संरक्षा आयुक्त ई. श्रीनिवास ने परखी संरक्षा व्यवस्था, DRM अनिरुद्ध कुमार रहे मौजूद अनुमोदन मिलने के बाद तीसरी लाइन पर ट्रेनों के संचालन का रास्ता होगा साफ, यात्री और माल परिवहन क्षमता में होगी वृद्धि
झाँसी, 13 अक्टूबर। रेल कनेक्टिविटी और आधारभूत ढाँचे को मजबूत करने की दिशा में बीना-आगासोद नवनिर्मित तीसरी रेल लाइन का मंगलवार को रेल संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) ने गहन निरीक्षण किया। पूर्वोत्तर परिक्षेत्र के रेल संरक्षा आयुक्त ई. श्रीनिवास ने मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार के साथ रेलखंड की संरक्षा एवं तकनीकी व्यवस्थाओं का बारीकी से परीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान ट्रैक के विभिन्न मानकों, सिग्नल प्रणाली, पॉइंट्स एवं क्रॉसिंग, पुल-पुलियों, ओवरहेड विद्युत उपकरण (ओएचई) सहित अन्य तकनीकी और संरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की जाँच की गई। निरीक्षण के बाद नवनिर्मित तीसरी लाइन पर 120 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से सफल स्पीड ट्रायल किया गया। इसके माध्यम से ट्रैक की मजबूती, सिग्नलिंग प्रणाली की कार्यक्षमता और रेल परिचालन की तैयारियों को परखा गया।
सीआरएस की मंजूरी के बाद शुरू हो सकेगा संचालन
रेल संरक्षा आयुक्त की स्वीकृति मिलने के बाद इस नवनिर्मित रेलखंड पर ट्रेनों का संचालन शुरू करने का मार्ग प्रशस्त होगा। तीसरी लाइन उपलब्ध होने से ट्रेनों के परिचालन में सुगमता, समयपालन में सुधार तथा यात्री और माल परिवहन क्षमता में वृद्धि होने की उम्मीद है। इससे क्षेत्र की आर्थिक एवं सामाजिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
निर्माण और परिचालन से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान मुख्य प्रशासनिक अधिकारी/निर्माण अजीत सिंह यादव, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर रश्मि गौतम, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता/टीआरडी आर.के. बघेला, वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता/परिचालन धर्मेश कुमार, वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी गिरीश कंचन, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक अतुल यादव तथा वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर ओपी गौतम सहित निर्माण संगठन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी, पर्यवेक्षक और तकनीकी कर्मचारी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS










