एरच रोड स्टेशन पर महिला की चेन पुलिंग से 40 मिनट रुकी मेमू ट्रेन, आरपीएफ उपनिरीक्षक जेपी यादव की सूझबूझ से हुई रवाना यात्री पर छेड़खानी का आरोप लगाकर महिला ने रोकी मेमू ट्रेन, आरपीएफ और जीआरपी ने की जांच
रिपोर्ट नवीन यादव
झांसी। एरच रोड रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह एक महिला द्वारा चेन पुलिंग किए जाने से मेमू ट्रेन करीब 40 मिनट तक खड़ी रही। महिला ने एक पुरुष यात्री पर छेड़खानी का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की और ट्रेन आगे न जाने देने की जिद पर अड़ी रही।
सूचना पर मोंठ आरपीएफ चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जेपी यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे। महिला ने बताया कि कथित आरोपी ट्रेन रुकने से पहले ही कूदकर फरार हो गया। इसके बाद उरई जीआरपी ने भी मामले की जांच की, लेकिन आरोपी का पता नहीं चल सका। महिला ने जीआरपी में शिकायत देने की बात कही।
आरपीएफ उपनिरीक्षक जेपी यादव ने महिला से बातचीत कर मामले की जानकारी जुटाई। उनके प्रयासों के बाद स्थिति सामान्य हुई और मेमू ट्रेन को आगे के लिए रवाना कराया गया। घटना के चलते यात्रियों को करीब 40 मिनट तक इंतजार करना पड़ा।










