झांसी में नकली सिगरेट की फैक्ट्री का भंडाफोड़, दो करोड़ का माल बरामद

रिपोर्ट नवीन यादव

गोल्ड फ्लेक और विल्स फ्लेक के नाम पर चल रहा था फर्जी कारोबार, 63 वर्षीय संचालक गिरफ्तार

रेलवे स्टेशन और बस अड्डे पर खपत होने की जानकारी, नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस

झांसी। नवाबाद थाना पुलिस ने आईटीसी कंपनी से मिली गोपनीय सूचना के आधार पर नकली सिगरेट बनाने और भंडारण करने वाले कारोबार का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 19 अक्टूबर को एक गोदाम और एक फैक्ट्री पर छापेमारी कर करीब दो करोड़ रुपये कीमत का माल बरामद किया। मौके से कथित संचालक श्रीनिवास मिश्रा (63) को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, छापेमारी के दौरान गोल्ड फ्लेक और विल्स फ्लेक जैसे ब्रांड के नाम पर तैयार की जा रही नकली सिगरेट, तंबाकू के दर्जनों बोरे, पैकेजिंग सामग्री, रैपर, फिल्टर बड्स और सिगरेट बनाने वाली मशीनें बरामद की गईं।

रेलवे स्टेशन और बस अड्डे तक पहुंचने की बात

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, तैयार की जा रही नकली सिगरेट की खपत रेलवे स्टेशन और बस अड्डे पर होती थी। इस कथित कारोबार के जरिए नकली सिगरेट किन-किन स्थानों पर पहुंचाई जाती थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं, पुलिस इसकी जांच कर रही है।

फर्म और जीएसटी पंजीकरण की आड़ में कारोबार

पुलिस के मुताबिक, यह कारोबार ‘डिफेंडर’ नामक पंजीकृत फर्म और जीएसटी पंजीकरण की आड़ में संचालित किया जा रहा था। पुलिस ने बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब माल की आपूर्ति, वितरण नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों के संबंध में विवेचना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *