ग्वालियर आरपीएफ की सूचना पर झांसी में 2.55 करोड़ की चांदी पकड़ी
एपी एक्सप्रेस से 133.17 किलो चांदी के आभूषण बरामद, क्राइम विंग झांसी और ग्वालियर की संयुक्त कार्रवाई
चार बोरों में मिले आभूषण, शिवपुरी निवासी 22 वर्षीय युवक पकड़ा गया; राज्य कर विभाग करेगा आगे की जांच
झांसी। त्योहारों के मद्देनजर रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में चलाए जा रहे जांच अभियान के दौरान रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) को बड़ी सफलता मिली। सोमवार, 19 अक्टूबर को ट्रेन संख्या 20806 एपी एक्सप्रेस से 133.17 किलोग्राम चांदी के आभूषण बरामद किए गए। इनकी अनुमानित कीमत 2 करोड़ 55 लाख 31 हजार 628 रुपये बताई गई है। इस कार्रवाई में ग्वालियर आरपीएफ से मिली सूचना और क्राइम विंग ग्वालियर के सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
ग्वालियर से मिली सूचना पर हुई कार्रवाई
रेलवे सुरक्षा बल के प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, उत्तर मध्य रेलवे, प्रयागराज के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत मुरैना और ग्वालियर पोस्ट तथा क्राइम विंग ग्वालियर से सूचना मिली थी। इसके आधार पर क्राइम विंग झांसी और वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन पोस्ट की संयुक्त टीम ने एपी एक्सप्रेस में जांच की। इस दौरान चार सफेद प्लास्टिक के बोरों में डिब्बों और पन्नी में रखे चांदी के आभूषण मिले। वजन करने पर इनकी कुल मात्रा 133.17 किलोग्राम पाई गई।
शिवपुरी निवासी युवक पकड़ा, विभाग को सौंपा
मौके से नारद तोमर (22), पुत्र हनुमंत तोमर, निवासी ग्राम मोटिन, थाना अमोला, जिला शिवपुरी, मध्य प्रदेश को पकड़ा गया। सूचना पर राज्य कर विभाग, झांसी की सचलदल पंचम इकाई के सहायक आयुक्त आरपीएफ पोस्ट पहुंचे। आवश्यक वजन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद बरामद चांदी और युवक को राज्य कर विभाग के सुपुर्द कर दिया गया। आभूषणों की वास्तविक कीमत अधिकृत टंच संस्था से मूल्यांकन के बाद निर्धारित होगी। विभाग अब नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेगा।
कार्रवाई में क्राइम विंग झांसी के निरीक्षक ओम प्रकाश, सहायक उपनिरीक्षक नवीन कुमार, प्रधान आरक्षक उमेश कुमार और आरक्षक सुरेंद्र सिंह बिष्ट तथा स्टेशन पोस्ट के निरीक्षक बबलू कुमार सहित अन्य जवान शामिल रहे। ग्वालियर पोस्ट के आरक्षक विजय शर्मा और क्राइम विंग ग्वालियर के अंकित कुमार ने भी सहयोग किया।
रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS










