पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त कार्यालय की तीन अलमारियों के ताले टूटे, आरपीएफ में हड़कंप गोपनीय दस्तावेजों और सरकारी पास से जुड़े रिकॉर्ड की सुरक्षा पर उठे सवाल, कार्यालय अधीक्षक निलंबित

 

शिकायत में अपने ही अधिकारियों पर साजिश का आरोप, सीसीटीवी फुटेज से जांच कराने की मांग

कोटा। पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में मंगलवार को मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) कार्यालय परिसर स्थित वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त कार्यालय में तीन सरकारी अलमारियों के सील लगे ताले टूटने का मामला सामने आया। घटना से रेलवे और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) में हड़कंप मच गया। सूचना पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, पुलिस उपाधीक्षक और भीमगंजमंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटना के बाद स्थापना शाखा के कार्यालय अधीक्षक प्रहलाद कुमार शर्मा को निलंबित कर दिया गया।

10 से 15 मिनट में टूटे अलमारियों के ताले

कार्यालय अधीक्षक प्रहलाद कुमार शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके चार्ज में रखी तीन सरकारी अलमारियों के सील लगे ताले कार्यालय समय के दौरान तोड़े गए। उनके अनुसार, सुबह करीब 10 बजे ड्यूटी पर पहुंचने के बाद वह रेलवे कैंटीन में चाय पीने गए थे। इसी दौरान 10 से 15 मिनट के भीतर अलमारियों के ताले तोड़ दिए गए। वापस लौटने पर उन्हें घटना का पता चला।

शिकायत के मुताबिक, अलमारियों में आरपीएफ के अनुशासन एवं अपील नियमों, विभिन्न न्यायालयीन मामलों से जुड़े गोपनीय अभिलेखों, मनी वैल्यू आइटम कार्ड, पास, ड्यूटी पास और पहचान पत्रों से संबंधित दस्तावेज रखे थे। घटना के बाद रिकॉर्ड की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। हालांकि, दस्तावेजों के गायब होने या किसी तरह के नुकसान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

शिकायत में अधिकारियों पर साजिश का आरोप

प्रहलाद कुमार शर्मा ने शिकायत में आरोप लगाया कि उन्हें किसी बड़े आपराधिक षड्यंत्र में फंसाने के उद्देश्य से यह घटना अंजाम दी गई हो सकती है। उन्होंने निष्पक्ष जांच के लिए कार्यालय में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की मांग की है। शिकायत की प्रतियां राजस्थान पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों और जीआरपी कोटा को भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए भेजे जाने की बात कही गई है।

सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारियों ने मौके का मुआयना किया और आरपीएफ अधिकारियों से जानकारी ली। भीमगंजमंडी थाना अधिकारी रामविलास मीणा ने मामले को आरपीएफ का आंतरिक मामला बताया।

घटना के बाद कार्यालय अधीक्षक निलंबित

घटना के बाद शाम को प्रहलाद कुमार शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। बताया गया कि कार्रवाई का कारण अधिकारियों के आदेशों की अवहेलना तथा कार्यालय अधीक्षक का चार्ज सौंपने में देरी और आनाकानी करना है। हालांकि, अलमारियों के ताले टूटने की घटना और निलंबन के बीच किसी आधिकारिक संबंध की पुष्टि नहीं हुई है।

वरिष्ठ अधिकारियों ने नहीं दिया जवाब

मामले में पक्ष जानने के लिए वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त पवन श्रीवास्तव और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन को व्हाट्सऐप संदेश भेजे गए, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उनका जवाब नहीं मिला।

अब सवाल यह है कि पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल में वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त कार्यालय के भीतर दिनदहाड़े तीन अलमारियों के ताले कैसे टूटे, गोपनीय रिकॉर्ड सुरक्षित हैं या नहीं और सीसीटीवी फुटेज की जांच से क्या सामने आता है। इन सवालों के जवाब निष्पक्ष जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे।

रिपोर्ट: नवीन यादव
VERDICT NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *