त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुरक्षा और बाल तस्करी रोकने पर विशेष जोर वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त प्रशांत यादव के निर्देश पर दीपावली को लेकर तिरुचिरापल्ली रेल मंडल में आरपीएफ अलर्ट, आठ स्टेशनों पर डिजिटल हेल्प कियोस्क का परीक्षण
तिरुचिरापल्ली। दीपावली और पूजा की छुट्टियों के दौरान यात्रियों की संभावित भीड़ को देखते हुए तिरुचिरापल्ली रेल मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त प्रशांत यादव के दिशा-निर्देश पर प्रमुख रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में निगरानी बढ़ाने के साथ विशेष गश्त की जा रही है।
यात्रियों को सुरक्षा संबंधी सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तंजावुर, कराइकल सहित आठ रेलवे स्टेशनों पर डिजिटल हेल्प कियोस्क का परीक्षण किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने और उनकी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई में मदद करना है।
त्योहारी सीजन में आरपीएफ जवानों को स्टेशनों, प्लेटफॉर्मों और ट्रेनों में संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। बाल तस्करी की रोकथाम के लिए भी निगरानी और गश्त तेज की गई है। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सतर्कता बरतने तथा संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने पर जोर दिया जा रहा है।
आरपीएफ का उद्देश्य त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुरक्षित रेल यात्रा का वातावरण उपलब्ध कराना और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को कम करना है।










