प्रयागराज में आरपीएफ की शहीद परेड, कर्तव्य निभाते हुए प्राण न्योछावर करने वाले जवानों को दी श्रद्धांजलि आईजी प्रदीप कुमार गुप्ता, डीआईजी आशीष कुमार और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त दीपक कुमार आजाद ने शहीदों के साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा को किया नमन
प्रयागराज। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ), उत्तर मध्य रेलवे की ओर से बुधवार को प्रयागराज के सूबेदारगंज स्थित क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र में शहीद परेड का आयोजन किया गया। वर्ष 2025-26 के दौरान कर्तव्य का निर्वहन करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले रेलवे सुरक्षा बल के जवानों की स्मृति में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों और जवानों ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र तथा रेलवे की सुरक्षा के प्रति समर्पण को याद किया।
कार्यक्रम में आईजी आरपीएफ प्रयागराज प्रदीप कुमार गुप्ता, डीआईजी आशीष कुमार और वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त दीपक कुमार आजाद सहित रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारियों एवं जवानों ने शहीदों को नमन किया। शहीद परेड के माध्यम से उन वीर जवानों के बलिदान को याद किया गया, जिन्होंने अपने कर्तव्य को सर्वोपरि रखते हुए सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाई।
आरपीएफ के जवान रेल परिसरों, यात्रियों और रेलवे की संपत्तियों की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ड्यूटी के दौरान अपने प्राणों का बलिदान देने वाले जवानों का साहस और कर्तव्य के प्रति उनकी निष्ठा बल के प्रत्येक सदस्य के लिए प्रेरणास्रोत है।
शहीद परेड ने जवानों को अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पित रहने और रेलवे तथा यात्रियों की सुरक्षा के संकल्प को और मजबूत करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की गई।










