बुंदेलखंड राज्य की मांग पर अनशनकारियों को पुलिस ने उठाया, समर्थकों के पहुंचने पर रिहा थाना नवाबाद में समर्थकों ने की नारेबाजी, आंदोलनकारियों ने कहा—जेल में भी जारी रहता अनशन
झांसी। बुंदेलखंड राज्य निर्माण की मांग को लेकर गांधी उद्यान, कचहरी चौराहा पर शांतिपूर्ण ढंग से अनिश्चितकालीन अनशन एवं सत्याग्रह कर रहे बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा के अध्यक्ष भानु सहाय सहित अन्य आंदोलनकारियों को नवाबाद पुलिस ने सोते समय उठाकर थाने पहुंचा दिया। आंदोलनकारियों को गिरफ्तार किए जाने की सूचना मिलते ही पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य और पूर्व प्रवक्ता, बुंदेलखंड क्षेत्र कांग्रेस कमेटी के राजेंद्र शर्मा एडवोकेट सहित बड़ी संख्या में समर्थक थाना नवाबाद पहुंच गए। यहां समर्थकों ने आंदोलनकारियों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए उनका हौसला बढ़ाया।
थाना परिसर में समर्थकों की भीड़ जुटने के बाद पुलिस ने सभी अनशनकारियों को नगर मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया, जहां से उन्हें रिहा कर दिया गया। इस घटनाक्रम के बाद आंदोलनकारियों ने कहा कि यदि उन्हें जेल भेजा जाता, तो वे जेल में ही बुंदेलखंड राज्य निर्माण की मांग को लेकर अनशन जारी रखते। उन्होंने स्पष्ट किया कि गिरफ्तारी की कार्रवाई से उनका हौसला कम होने के बजाय और मजबूत हुआ है। बुंदेलखंड राज्य का निर्माण ही उनका लक्ष्य है और इसके लिए आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।
राजनीतिक दलों के शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचा मामला
पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य, राजेंद्र शर्मा एडवोकेट, अरविंद बब्लू, प्रफुल्ल तिवारी, घनश्याम कोरी, शैलेंद्र उर्फ शैलू, योगेंद्र सिंह पारीछा, यूथुब जैन, पिंकी, अमित करौसिया, अखिलेश गुरुदेव, जगमोहन मिश्रा, राजेंद्र सिंह यादव, रघुराज शर्मा, अशोक सक्सेना, संजय पांडेय, आशू ठाकुर, लखन बिलगैया, नरेश चंद्र बिलाटिया, इम्तियाज हुसैन, शंभू सैन, पंकज मिश्रा, नौटा, रामकुमार शुक्ला, पंकज रावत, उत्कर्ष साहू, महेंद्र मिश्रा, अमीर चंद्र, एडवोकेट सचिन साहू, आशीष रिछारिया, प्रभुदयाल कुशवाहा, पवन शर्मा, सुरेंद्र प्रजापति, संजय कुशवाहा, मोनू सोनी और हरेंद्र आर्य सहित अनेक समर्थक थाने पहुंचे।
राजेंद्र शर्मा एडवोकेट ने बताया कि बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा के अध्यक्ष भानु सहाय के नेतृत्व में चल रहे अनशन एवं सत्याग्रह की जानकारी कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व को दी गई है। उन्होंने बताया कि 24 अक्टूबर को अनशन में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अजय राय ने अपनी सहमति दी थी। इसके साथ ही कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं बुंदेलखंड जोन के प्रभारी जगदीश चंद्र जांगिड़ के भी कार्यक्रम में शामिल होने की तैयारी थी।
उन्होंने कहा कि पुलिस की कार्रवाई की जानकारी अन्य राजनीतिक दलों के समर्थकों ने भी अपने-अपने शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचाई है। आंदोलनकारियों का कहना है कि बुंदेलखंड राज्य निर्माण की मांग को लेकर उनका संघर्ष जारी रहेगा।
आंदोलनकारियों ने बुलंद किए संघर्ष के स्वर
थाना परिसर में आंदोलनकारियों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए समर्थकों ने कहा, “जो कायर और भयातुर हैं, वे सुलह के पापड़ बेलते हैं; जो सच्चे वीर योद्धा हैं, वे सर देकर सर से खेलते हैं।” आंदोलनकारियों ने संकल्प जताया कि बुंदेलखंड राज्य निर्माण की मांग को लेकर सत्याग्रह और जनसमर्थन जुटाने का अभियान आगे भी जारी रहेगा।
रिपोर्ट नवीन यादव










