‘पश्चिम बंगाल में यह एक ऐतिहासिक जीत, ममता कुशासन हार गया’, बहुमत का आंकड़ा पार करने पर यूपी के मंत्री क्‍या बोले?

भाजपा ने पश्चिम बंगाल में बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है, जिसके बाद दिल्ली में पार्टी मुख्यालय पर जश्न मनाया गया। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्रियों और मंत्री ने इसे ऐतिहासिक जीत बताते हुए ममता बनर्जी के कुशासन की हार बताया और पीएम मोदी के विकास कार्यों की सराहना की।

भाजपा ने पश्चिम बंगाल में बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है। चुनाव आयोग के रुझानों के अनुसार, बीजेपी वर्तमान में 192 सीटों पर आगे है। भाजपा नेताओं ने द‍िल्‍ली स्‍थि‍त पार्टी मुख्यालय में ‘झालमुरी’ और ‘रसगुल्ले’ वितरित कर जश्न मनाना शुरू कर द‍िया। इस बीच यूपी के दोनों उपमुख्‍यमंत्र‍ियों का बयान सामने आया है।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, “पश्चिम बंगाल में यह एक ऐतिहासिक जीत है। ममता का कुशासन हार गया, और भाजपा का सुशासन विजयी हुआ। प्रधानमंत्री मोदी में विश्वास की जीत हुई, और ममता दीदी का भय पराजित हुआ… जब वे हारते हैं तो EVM खराब हो जाती है, और जब वे जीतते हैं तो EVM ठीक हो जाती है।”

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा, “हम कह सकते हैं कि भारत की सांस्कृतिक राजधानी में भगवा लहरा गया है। मैं प्रधानमंत्री मोदी का बहुत अभिनंदन करता हूं। सभी नवनिर्वाचित विधायकों का अभिनंदन करता हूं… विपक्ष जब हारता है तो अनर्गल आरोप लगाता है।”

उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने कहा, “जनता का प्रधानमंत्री मोदी के विकास के कार्यों पर पूर्ण विश्वास है। प्रधानमंत्री मोदी विकास के कार्यों में हमेशा कोई न कोई कीर्तिमान स्थापित करते हैं… लोग प्रधानमंत्री मोदी के काम और उनके विचार को पसंद कर रहे हैं। जनता उनके कामों से खुश होकर उन्हें चुनाव जिता रही है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *