डीआरएम अनिरुद्ध कुमार की मौजूदगी में झांसी मंडल से 30 रेलकर्मी सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त, एनईएफटी से ₹10.18 करोड़ का सेटलमेंट भुगतान सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सेवा प्रमाण पत्र और पीपीओ भी किए गए प्रदान

रिपोर्ट नवीन यादव

झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल से 31 अगस्त 2026 को विभिन्न विभागों में कार्यरत 30 रेल कर्मचारी अपनी दीर्घ एवं समर्पित सेवाओं के बाद सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त हुए। इस अवसर पर मंडल कार्यालय में आयोजित विदाई समारोह में सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उज्ज्वल भविष्य और स्वस्थ जीवन की शुभकामनाओं के साथ भावभीनी विदाई दी गई।

सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सेवानिवृत्ति लाभों के तहत कुल 10 करोड़ 18 लाख रुपये का भुगतान एनईएफटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में किया गया। इसके साथ ही सभी कर्मचारियों को भुगतान विवरण, सेवा प्रमाण पत्र तथा पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) भी प्रदान किए गए, ताकि उन्हें पेंशन एवं अन्य सेवानिवृत्ति लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) अनिरुद्ध कुमार ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सम्मानित करते हुए रेलवे की प्रगति और यात्रियों की सेवा में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि रेल कर्मचारियों की निष्ठा, कर्तव्यपरायणता और समर्पण ही भारतीय रेल की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने सभी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के उत्तम स्वास्थ्य, सुखद, समृद्ध एवं सक्रिय जीवन की मंगलकामना की।

समारोह में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार शर्मा तथा सहायक मंडल वित्त प्रबंधक रवि कुमार सविता भी उपस्थित रहे। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति संबंधी औपचारिकताओं एवं मिलने वाले लाभों की जानकारी देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

झांसी मंडल कर्मचारियों के कल्याण तथा उनके सेवानिवृत्ति लाभों के समयबद्ध एवं पारदर्शी भुगतान के लिए प्रतिबद्ध है। मंडल का उद्देश्य है कि कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद आर्थिक सुरक्षा के साथ सम्मानजनक जीवन सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *