रेलवे नौकरी पर बड़ा ऐलान: 2 नवंबर से सहायक लोको पायलट परीक्षा का रण भर्ती परीक्षा की तारीख तय, 6 नवंबर तक चलेगी कंप्यूटर आधारित परीक्षा

  रिपोर्ट नवीन यादव 

नई दिल्ली। रेलवे भर्ती बोर्ड ने केंद्रीय रोजगार सूचना संख्या 01/2026 के तहत सहायक लोको पायलट भर्ती परीक्षा का अस्थायी कार्यक्रम जारी कर दिया है। कंप्यूटर आधारित परीक्षा 2 नवंबर से 6 नवंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी।

10 दिन पहले खुलेगा परीक्षा शहर और तारीख का पत्ता

अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा शहर और तारीख देखने तथा यात्रा प्राधिकरण डाउनलोड करने का लिंक उनकी निर्धारित परीक्षा तारीख से करीब 10 दिन पहले सभी रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइटों पर उपलब्ध करा दिया जाएगा।

परीक्षा से चार दिन पहले मिलेगा प्रवेश पत्र

अभ्यर्थी परीक्षा शहर एवं तारीख की जानकारी वाले लिंक में दर्ज परीक्षा तारीख से लगभग चार दिन पहले प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकेंगे। परीक्षा केंद्र पर आवेदन में दर्ज मूल फोटो पहचान पत्र लाना अनिवार्य होगा। पहचान पत्र नहीं होने पर परीक्षा में प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।

नौकरी के नाम पर ठगी का खेल, दलालों से रहें सावधान

रेलवे भर्ती बोर्ड ने अभ्यर्थियों को बिना प्रमाण वाली सूचनाओं और नौकरी दिलाने का झांसा देने वाले दलालों से सावधान किया है। भर्ती प्रक्रिया से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए केवल रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइटों पर भरोसा करने की सलाह दी गई है।

बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि रेलवे में चयन प्रक्रिया कंप्यूटर आधारित परीक्षा और अभ्यर्थियों की योग्यता सूची के आधार पर होती है। नौकरी दिलाने के नाम पर किसी व्यक्ति के झांसे में आकर धन देने से बचने की चेतावनी दी गई है।

आधार सत्यापन वालों के लिए भी जरूरी निर्देश

जिन अभ्यर्थियों ने आवेदन जमा करते समय आधार का सत्यापन कराया है, उन्हें परीक्षा केंद्र पहुंचने से पहले यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि उनका आधार खाता भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण की प्रणाली में अवरोध-मुक्त स्थिति में हो। इससे परीक्षा के दिन पंजीकरण और परीक्षा से जुड़ी प्रक्रियाओं में परेशानी से बचा जा सकेगा।

रेलवे भर्ती बोर्ड ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि परीक्षा और भर्ती से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए आधिकारिक स्रोतों को ही प्राथमिकता दें।

जारी तिथि : 16 सितंबर 2026
अध्यक्ष, रेलवे भर्ती बोर्ड

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *