रेलवे जेई भर्ती परीक्षा का बिगुल, अब पहचान पर कड़ा पहरा 27, 28 और 30 अक्टूबर को CBT-1—परीक्षा केंद्र पर आधार बायोमेट्रिक के बाद ही प्रवेश ई-कॉल लेटर परीक्षा से करीब चार दिन पहले, फर्जीवाड़े पर रेलवे भर्ती बोर्ड की सीधी नजर

रिपोर्ट नवीन यादव

नई दिल्ली। रेलवे में जूनियर इंजीनियर समेत विभिन्न तकनीकी पदों पर भर्ती का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ा अपडेट सामने आया है। रेलवे भर्ती बोर्ड ने CEN 04/2026 के तहत जूनियर इंजीनियर, डिपो मटेरियल सुपरिटेंडेंट तथा केमिकल एंड मेटलर्जिकल असिस्टेंट के विभिन्न पदों की प्रथम चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT-1) का संभावित कार्यक्रम जारी कर दिया है। परीक्षा 27, 28 और 30 अक्टूबर 2026 को होगी।

परीक्षा में पहचान सत्यापन को लेकर भी बोर्ड ने स्पष्ट व्यवस्था की है। परीक्षा केंद्र पर प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों का आधार लिंक्ड बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन किया जाएगा। अभ्यर्थियों को मूल आधार कार्ड अथवा ई-वेरिफाइड आधार का प्रिंटआउट साथ लेकर पहुंचना होगा।

परीक्षा से पहले आधार सत्यापन जरूरी
जिन अभ्यर्थियों ने अभी तक आधार सत्यापन नहीं कराया है, उन्हें आरआरबी की आवेदन वेबसाइट पर लॉगिन कर पहचान सत्यापित करने की सलाह दी गई है। जिन अभ्यर्थियों ने आवेदन के दौरान आधार सत्यापन कराया है, उन्हें भी परीक्षा केंद्र जाने से पहले यह सुनिश्चित करना होगा कि उनका आधार यूआईडीएआई सिस्टम में अनलॉक स्थिति में हो।

परीक्षा शहर और ई-कॉल लेटर की तारीख भी तय
एससी/एसटी अभ्यर्थियों के लिए परीक्षा शहर एवं तिथि की जानकारी तथा यात्रा प्राधिकरण डाउनलोड करने का लिंक परीक्षा तिथि से लगभग 10 दिन पहले संबंधित आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा। वहीं ई-कॉल लेटर परीक्षा तिथि से लगभग चार दिन पहले डाउनलोड किया जा सकेगा।

बोर्ड ने आधार में नाम, दसवीं प्रमाणपत्र के अनुसार जन्मतिथि, नवीनतम फोटो, आवश्यक बायोमेट्रिक्स, पता और पिता का नाम सही एवं अद्यतन रखने की सलाह दी है।

रेलवे भर्ती बोर्ड ने अभ्यर्थियों को भर्ती से संबंधित जानकारी के लिए केवल आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइटों पर भरोसा करने को कहा है। साथ ही नौकरी दिलाने के नाम पर झूठे वादे करने वाले दलालों से सावधान रहने की अपील की है। बोर्ड के मुताबिक रेलवे में चयन निर्धारित भर्ती प्रक्रिया, कंप्यूटर आधारित परीक्षा और अभ्यर्थियों की मेरिट के आधार पर किया जाता है।

जारी तिथि : 16 सितंबर 2026

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *