डीआरएम अनिरुद्ध कुमार ने दिलाया स्वच्छता का संकल्प, झांसी मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान शुरू 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, स्टेशन-ट्रेन से लेकर रेलवे कॉलोनियों तक स्वच्छता पर जोर ललितपुर में हस्ताक्षर अभियान, स्कूली छात्रों ने झांसी के कोचिंग डिपो में जानीं स्वच्छता व्यवस्थाएं ग्वालियर-डबरा में यात्रियों व स्टॉल संचालकों को गीले-सूखे कचरे के पृथक्करण के लिए किया जागरूक
रिपोर्ट नवीन यादव
झांसी। स्वच्छता को जनभागीदारी और दैनिक व्यवहार से जोड़ने के उद्देश्य से झांसी रेल मंडल में ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ अभियान का शुभारंभ किया गया। मंडल रेल प्रबंधक अनिरुद्ध कुमार ने अभियान की शुरुआत की। इस वर्ष अभियान की थीम ‘स्वच्छता में सहभाग, स्वच्छ भारत, विकसित भारत’ रखी गई है। अभियान 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक विभिन्न चरणों में चलेगा।
अभियान के शुभारंभ अवसर पर डीआरएम अनिरुद्ध कुमार ने स्वच्छता के प्रति जागरूकता और जनभागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि रेलवे परिसरों को स्वच्छ रखने के साथ यात्रियों, रेलकर्मियों और आमजन को स्वच्छता के प्रति जागरूक करना भी जरूरी है। स्वच्छता को निरंतर व्यवहार का हिस्सा बनाकर ही स्वच्छ रेल और स्वच्छ परिसर की संकल्पना को मजबूत किया जा सकता है।
अभियान के तहत झांसी मंडल के स्टेशनों, ट्रेनों, रेलवे कॉलोनियों, कार्यालयों, कोचिंग डिपो, कार्यशालाओं, अस्पतालों और अन्य रेलवे परिसरों में स्वच्छता व जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। स्वच्छता लक्ष्य इकाइयों और कचरा संवेदनशील स्थानों की सफाई एवं कायाकल्प, स्वच्छ स्टेशन, स्वच्छ रेलगाड़ी, ठोस कचरा प्रबंधन, कचरा पृथक्करण, प्लास्टिक के उपयोग में कमी तथा घरेलू खाद निर्माण जैसी गतिविधियों पर जोर रहेगा।
रेलवे स्कूलों और विद्यार्थियों को भी अभियान से जोड़ा गया है। ‘स्वच्छता ज्ञान यात्रा’ के तहत विद्यार्थियों ने झांसी स्थित कोचिंग डिपो का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान वरिष्ठ पर्यवेक्षक ने छात्रों को रेल डिब्बों की धुलाई, गड्ढा पथ, जैव शौचालय सहित डिपो में संचालित विभिन्न स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
ललितपुर स्टेशन पर हस्ताक्षर अभियान आयोजित किया गया। वहीं ग्वालियर और डबरा रेलवे स्टेशन तथा रेलवे कॉलोनी में यात्रियों और स्टॉल संचालकों को गीले एवं सूखे कचरे को अलग-अलग निर्धारित कूड़ेदान में डालने के लिए जागरूक किया गया।
अभियान के दौरान सफाईकर्मियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सम्मान पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। स्वास्थ्य जांच शिविर, सुरक्षा उपकरण एवं व्यक्तिगत सुरक्षा सामग्री वितरण के साथ सम्मान कार्यक्रम आयोजित होंगे। ‘कबाड़ से जुगाड़’ और ‘कबाड़ से कला’ जैसी गतिविधियों के जरिए अपशिष्ट के पुन: उपयोग और पुनर्चक्रण को बढ़ावा दिया जाएगा।
एक अक्टूबर को ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ के तहत सामूहिक श्रमदान होगा। वहीं 2 अक्टूबर को स्वच्छ भारत दिवस पर स्वच्छता शपथ, प्रभात फेरी, पौधारोपण तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों और इकाइयों का सम्मान किया जाएगा।
कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक इंफ्रा प्रेम प्रकाश शर्मा, वरिष्ठ डीएनएचएम आनंद गुप्ता, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राजेश कुमार शर्मा, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अमन वर्मा, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त जेके शर्मा, वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर रश्मि गौतम, वरिष्ठ मंडल यांत्रिक इंजीनियर कोचिंग गौरव सहित अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।










