डीआरएम अनिरुद्ध कुमार के निर्देश पर पैंट्रीकारों में छापेमारी सीतापुर एक्सप्रेस में मानक से छोटे कप मिले, 17 पेटी गैर-अनुमोदित पानी जब्त राप्ती सागर एक्सप्रेस भी जांच के घेरे में, 48 बोतल पानी पकड़ा चार अनधिकृत लोग आरपीएफ को सौंपे, 20 हजार रुपये जुर्माना वसूला

रिपोर्ट नवीन यादव

झांसी। यात्रियों को सुरक्षित और मानक के अनुरूप खान-पान सामग्री उपलब्ध कराने के लिए झांसी मंडल के वाणिज्य विभाग ने गुरुवार को पैंट्रीकारों के खिलाफ अभियान चलाया। डीआरएम अनिरुद्ध कुमार के निर्देश पर हुई कार्रवाई में दो ट्रेनों की पैंट्रीकारों की जांच की गई और कई अनियमितताएं सामने आईं।

सहायक वाणिज्य मंडल प्रबंधक अनिल श्रीवास्तव के नेतृत्व में टीम ने सुबह ट्रेन संख्या 12107 सीतापुर एक्सप्रेस की पैंट्रीकार खंगाली। टीम में खान-पान निरीक्षक राजेश कुमार यादव और अशोक कुमार राकवार शामिल रहे। जांच में मानक से छोटे पेपर कप मिलने पर उन्हें मौके पर ही जब्त कर नष्ट कराया गया।

टीम ने गैर-अनुमोदित ब्रांड के पानी की 17 पेटियां भी पकड़ीं। जब्त पानी को उरई के पार्सल कार्यालय में जमा कराया गया। पैंट्रीकार में चार अनधिकृत व्यक्तियों के मिलने पर उन्हें आगे की कार्रवाई के लिए आरपीएफ उरई के हवाले किया गया।

बिना टिकट यात्रा के मामलों में भी कार्रवाई की गई। इस दौरान करीब 20 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके बाद टीम ने उरई स्टेशन के खान-पान स्टॉल और बहुउद्देशीय स्टॉल का निरीक्षण किया।

राप्ती सागर एक्सप्रेस में भी मिली गड़बड़ी

वापसी में टीम ने ट्रेन संख्या 12511 राप्ती सागर एक्सप्रेस की पैंट्रीकार की भी सघन जांच की। यहां भी मानक से छोटे पेपर कप मिले, जिन्हें जब्त कर कार्रवाई की गई। इसके अलावा 48 बोतल गैर-अनुमोदित पानी जब्त किया गया।

वाणिज्य विभाग की इस कार्रवाई से पैंट्रीकार और खान-पान स्टॉल संचालकों में खलबली मची रही। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों को मानक के अनुरूप खान-पान सामग्री उपलब्ध कराने में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *