रेलवे अधिकारी पर आय से अधिक संपत्ति का आरोप, सीबीआई ने दर्ज की एफआईआर मुख्य कार्यालय अधीक्षक दिलीप कुमार चावला और पत्नी ज्योति चावला जांच के घेरे में सीबीआई का दावा—89.51 लाख रुपये की संपत्ति का नहीं मिला संतोषजनक वैध स्रोत
नई दिल्ली। उत्तर रेलवे केंद्रीय अस्पताल (एनआरसीएच) में तैनात मुख्य कार्यालय अधीक्षक दिलीप कुमार चावला और उनकी पत्नी ज्योति चावला के खिलाफ केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। मामला भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 के प्रावधानों के तहत दर्ज किया गया है।
सीबीआई के अनुसार, 2 जनवरी 2023 से 19 फरवरी 2026 के बीच चावला दंपती की ज्ञात आय, खर्च और संपत्तियों की जांच में करीब 89.51 लाख रुपये की ऐसी संपत्ति सामने आई, जिसके वैध स्रोत को लेकर संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिला। एजेंसी के मुताबिक यह राशि उनकी ज्ञात वैध आय की तुलना में 37.68 प्रतिशत अधिक बताई गई है।
अस्पताल के भुगतान संबंधी कार्य भी जांच के दायरे में
सीबीआई के मुताबिक दिलीप कुमार चावला जनवरी 2023 से एनआरसीएच में सूचीबद्ध अस्पतालों और जांच केंद्रों के बिलों के भुगतान से संबंधित कार्य देख रहे थे। एजेंसी ने आरोप लगाया है कि इसी अवधि में उनकी संपत्ति और आय के बीच असंगति सामने आई।
जब्त दस्तावेजों की जांच से सामने आया मामला
एजेंसी के अनुसार, एक पुराने मामले में जब्त किए गए दस्तावेजों की जांच के दौरान चावला दंपती की आय, खर्च और संपत्तियों से संबंधित जानकारी सामने आई। इसके आधार पर प्रारंभिक जांच के बाद प्राथमिकी दर्ज की गई और मामले की आगे की जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार सिंह को सौंपी गई है।
सीबीआई ने अधिकारी पर पद का दुरुपयोग कर कथित रूप से संपत्ति अर्जित करने तथा उनकी पत्नी द्वारा अपने नाम पर संपत्तियां खरीदने में सहयोग करने का आरोप लगाया है।
मामला अभी जांच के स्तर पर है। प्राथमिकी में लगाए गए आरोपों की अंतिम पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया और जांच पूरी होने के बाद ही होगी।










