दबंगई के दम पर आम रास्ते पर कब्जे का आरोप, फरियादी पहुंचा जिलाधिकारी की चौखट पर रास्ते पर मकान निर्माण का दावा, विरोध करने पर गाली-गलौज और धमकी का आरोप संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत, पैमाइश कर कब्जा हटाने की मांग

गरौठा, झांसी। आम रास्ते पर कथित कब्जा कर मकान निर्माण किए जाने का मामला गरौठा के संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंच गया। ग्राम निवासी गरीबदास पुत्र बोरे बरार ने जिलाधिकारी झांसी को प्रार्थना पत्र देकर सार्वजनिक रास्ते को कब्जामुक्त कराने और आवागमन का रास्ता बहाल कराने की मांग की है।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसके मकान के सामने स्थित आम रास्ते पर एवनी निवासी जगदीश पुत्र रामोले कथित रूप से कब्जा कर मकान का निर्माण करा रहा है। गरीबदास के मुताबिक उसने जब रास्ते पर निर्माण का विरोध किया तो उसके साथ कथित रूप से गाली-गलौज की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई।

फरियादी का कहना है कि उसने मामले की शिकायत चौकी पंडवाहा में भी की, लेकिन आरोप है कि उसकी शिकायत पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। शिकायत में संबंधित लेखपाल की भूमिका पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया गया है कि कथित तौर पर सरकारी जमीन पर कब्जा कराया जा रहा है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से मांग की है कि मौके की राजस्व अभिलेखों के आधार पर जांच और पैमाइश कराई जाए। यदि भूमि सार्वजनिक रास्ते की पाई जाती है तो कथित अतिक्रमण हटाकर रास्ता आम लोगों के आवागमन के लिए खुलवाया जाए।

अब मामला जिलाधिकारी के संज्ञान में पहुंचने के बाद प्रशासनिक जांच और मौके की पैमाइश के बाद ही स्पष्ट होगा कि संबंधित भूमि की वास्तविक स्थिति क्या है और शिकायत में लगाए गए आरोप कितने सही हैं।

रिपोर्ट: नवीन यादव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *