सीएमओ के निरीक्षण में खुली पीएचसी बघैरा की व्यवस्था, चिकित्सक-लैब टेक्नीशियन अनुपस्थित 15 और 16 सितंबर से अनुपस्थित मिले कर्मचारी, नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दवा, प्रसव कक्ष, प्रयोगशाला और सफाई व्यवस्था का लिया जायजा

रिपोर्ट: नवीन यादव

झांसी। विकासखंड चिरगांव के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बघैरा में शनिवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी के निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा अधिकारी और लैब टेक्नीशियन अनुपस्थित मिले। उपस्थिति पंजिका के अनुसार प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप जादौन 15 सितंबर से तथा लैब टेक्नीशियन दीक्षा कुशवाहा 16 सितंबर से अनुपस्थित दर्ज पाए गए। सीएमओ ने दोनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी सुबह करीब 10 बजे पीएचसी पहुंचे। इस दौरान फार्मासिस्ट आत्माराम कुशवाहा और स्टाफ नर्स रामकिशन सैनी उपस्थित मिले। सीएमओ ने चिकित्सालय के दवा वितरण कक्ष, प्रसव कक्ष, प्रयोगशाला, बाह्य रोगी विभाग और परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली।

दवा भंडार में एंटी स्नेक वेनम और एंटी रेबीज वैक्सीन उपलब्ध

दवा भंडार के निरीक्षण में एंटी स्नेक वेनम की 21 शीशियां और एंटी रेबीज वैक्सीन की 23 शीशियां उपलब्ध मिलीं। सीएमओ ने निर्देश दिए कि स्वास्थ्य केंद्र आने वाले मरीजों को आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई जाएं और दवा वितरण व्यवस्था सुचारु एवं पारदर्शी रखी जाए।

हर माह 60 से 70 प्रसव, सुविधाएं बेहतर करने पर जोर

प्रसव कक्ष के निरीक्षण के दौरान बताया गया कि पीएचसी बघैरा में प्रतिमाह करीब 60 से 70 प्रसव कराए जा रहे हैं। सीएमओ ने प्रसव सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्पताल परिसर में सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने और मरीजों व तीमारदारों के लिए स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने को कहा।

सीएमओ डॉ. शिशिर पुरी ने सभी चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को कार्यस्थल पर समय से उपस्थित रहकर शासन की मंशा के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण में मिली कमियों को तत्काल दूर करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया। निरीक्षण के दौरान एआरओ आरएम मौर्या उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *