रेलवे में 5,664 नए पदों को वित्त मंत्रालय की मंजूरी लेवल-6 के 2,292 और लेवल-7 के 3,372 पद होंगे

रिपोर्ट: नवीन यादव | VERDICT NEWS

नई दिल्ली। भारतीय रेलवे में विभिन्न विभागों के कामकाज को मजबूत करने के लिए 5,664 नए पदों के सृजन का रास्ता साफ हो गया है। रेलवे मंत्रालय के प्रस्ताव पर वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग ने सहमति प्रदान कर दी है। इन पदों में लेवल-6 के 2,292 और लेवल-7 के 3,372 पद शामिल हैं।

रेलवे मंत्रालय ने अलग-अलग विभागों में कनिष्ठ अभियंता, वरिष्ठ अनुभाग अभियंता, स्टेशन मास्टर, नियंत्रक, स्टेशन अधीक्षक, मुख्य नियंत्रक, मुख्य वाणिज्यिक सह टिकट पर्यवेक्षक, वाणिज्यिक अधीक्षक और डिपो सामग्री अधीक्षक स्तर के पद सृजित करने का प्रस्ताव भेजा था। व्यय विभाग की जांच के बाद प्रस्तावित पदों को मंजूरी दी गई है।

सिविल और विद्युत विभाग में बड़ी संख्या में पद

सिविल इंजीनियरिंग विभाग में 424 कनिष्ठ अभियंता और 860 वरिष्ठ अनुभाग अभियंता के पद स्वीकृत किए गए हैं। विद्युत इंजीनियरिंग विभाग में 364 कनिष्ठ अभियंता तथा 739 वरिष्ठ अनुभाग अभियंता के पद शामिल हैं।

यांत्रिक तथा संकेत एवं दूरसंचार विभाग को भी मजबूती

यांत्रिक इंजीनियरिंग विभाग में 265 कनिष्ठ अभियंता और 537 वरिष्ठ अनुभाग अभियंता के पद मंजूर हुए हैं। संकेत एवं दूरसंचार विभाग में 336 कनिष्ठ अभियंता तथा 683 वरिष्ठ अनुभाग अभियंता के पद स्वीकृत किए गए हैं।

परिचालन और वाणिज्यिक विभाग में भी नए पद

यातायात (परिचालन) विभाग में 533 स्टेशन मास्टर/नियंत्रक और 356 स्टेशन अधीक्षक/मुख्य नियंत्रक के पदों को मंजूरी मिली है। यातायात (वाणिज्यिक) विभाग में 334 मुख्य वाणिज्यिक सह टिकट पर्यवेक्षक तथा 143 वाणिज्यिक अधीक्षक के पद शामिल हैं।

भंडार विभाग में 36 डिपो सामग्री अधीक्षक के पद स्वीकृत किए गए हैं। इस प्रकार रेलवे के विभिन्न विभागों में लेवल-6 और लेवल-7 के कुल 5,664 पदों के सृजन को वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग की सहमति मिल गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *