ग्वाल टोली में एक माह से खुला गड्ढा, हादसे का इंतजार! खाती बाबा मंदिर के पास गली किनारे बना जानलेवा खतरा, खेलते बच्चों की सुरक्षा पर सवाल मोहल्लेवासी जल्द दर्ज कराएंगे शिकायत, गड्ढा छोड़ने वाले पर कार्रवाई की मांग
झांसी। सिविल लाइंस क्षेत्र की ग्वाल टोली में खाती बाबा मंदिर के पास गली किनारे करीब एक माह से खुला पड़ा गड्ढा लोगों के लिए खतरा बना हुआ है। गड्ढा खोदने के बाद उसे खुला छोड़ दिया गया, लेकिन अब तक न उसका भराव कराया गया और न ही सुरक्षा के कोई इंतजाम किए गए हैं।
गली में छोटे-छोटे बच्चे खेलते हैं। ऐसे में खुले गड्ढे के कारण किसी बच्चे या राहगीर के उसमें गिरने की आशंका बनी हुई है। रात के समय खतरा और बढ़ जाता है।
मोहल्लेवासियों का कहना है कि एक माह बीतने के बाद भी जिम्मेदारों ने सुध नहीं ली। लोगों ने जिला प्रशासन और नगर निगम अधिकारियों से तत्काल मौके का निरीक्षण कर गड्ढे का भराव कराने की मांग की है।
समस्या का समाधान नहीं होने पर मोहल्लेवासियों ने जल्द संबंधित अधिकारियों के समक्ष लिखित शिकायत दर्ज कराने की बात कही है। साथ ही गड्ढा खोदकर उसे खुला छोड़ने वाले व्यक्ति अथवा संबंधित एजेंसी की जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है।
रिपोर्ट: नवीन यादव
VERDICT NEWS










