हम नहीं सुधरेंगे… तो टीआई सुधार कर रहेंगे! मॉडिफाई साइलेंसर वाली बुलेट पर यातायात पुलिस का शिकंजा रसबहार चौराहे पर कार्रवाई—24 हजार का जुर्माना, बुलेट सीज

   

रिपोर्ट: नवीन यादव

झांसी। मॉडिफाई साइलेंसर लगाकर बुलेट से पटाखे जैसी आवाज निकालने, दोषपूर्ण नंबर प्लेट के साथ वाहन दौड़ाने और यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वालों के खिलाफ यातायात पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। बुधवार 23 सितंबर 2026 को यातायात निरीक्षक देवेंद्र कुमार शर्मा ने टीम के साथ रसबहार चौराहे पर चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान एक बुलेट मोटरसाइकिल में मॉडिफाई साइलेंसर और फाल्टी नंबर प्लेट लगी मिली। चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस भी नहीं था। टीआई ने मौके पर ही कार्रवाई करते हुए 24 हजार रुपये का जुर्माना लगाया और बुलेट सीज कर दी।

बुलेट में साइलेंसर नहीं, सड़क पर ‘पटाखा’!

मॉडिफाई साइलेंसर लगाकर बुलेट से तेज धमाके जैसी आवाज निकालना युवाओं में फैशन बनता जा रहा है। इसके साथ ही कई युवा सड़कों पर तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाकर हुड़दंग करते हैं। ऐसी गतिविधियों से आमजन परेशान हैं और यातायात पुलिस से लगातार शिकायतें की जा रही हैं। पुलिस ने साफ किया है कि सड़क पर शोर और रफ्तार के नाम पर नियमों से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

गाड़ी पकड़ी तो मिन्नतें, सीज हुई तो पिता की जेब पर चोट!

चेकिंग में वाहन पकड़े जाने के बाद कार्रवाई से बचने के लिए मिन्नतें और सिफारिश कराने की कोशिशें भी सामने आती हैं। लेकिन वाहन सीज होने के बाद आर्थिक नुकसान का असर परिवार पर पड़ता है। यातायात पुलिस ने अभिभावकों से कहा है कि बच्चों को वाहन देने से पहले उसकी स्थिति और कागजात जरूर जांचें। मॉडिफाई साइलेंसर हटवाकर और एचएसआरपी नंबर प्लेट लगवाकर भारी जुर्माने से बचा जा सकता है।

वीडियो वायरल होने के बाद भी नहीं सुधरे तो अब सीधे कार्रवाई

यातायात पुलिस की कार्रवाई के वीडियो लगातार मीडिया और सामाजिक माध्यमों के जरिए सामने आ रहे हैं। इसके बावजूद कुछ युवाओं द्वारा यातायात नियमों की अनदेखी जारी है। यातायात निदेशालय एवं उच्च अधिकारियों के निर्देशों के क्रम में यातायात निरीक्षक देवेंद्र कुमार शर्मा द्वारा चेकिंग और कार्रवाई लगातार की जा रही है। यातायात पुलिस ने दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाने, वाहनों पर वैध नंबर प्लेट लगाने तथा अभिभावकों से नाबालिग बच्चों को वाहन न देने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *