बक्सर यात्री अपहरण-हत्या का जल्द खुलासा, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ने गठित की टीमें आरपीएफ जवान बनकर नितिन कुमार को ले जाने का आरोप, जगजीवन हाल्ट के पास ट्रैक पर मिला शव वाराणसी तक पहुंची जांच, संयुक्त टीम ने रोहित दुबे को दबोचा पूछताछ में हत्या की बात स्वीकारने का पुलिस का दावा
बक्सर। बक्सर रेलवे स्टेशन से रेल यात्री नितिन कुमार के कथित अपहरण और हत्या के मामले का रेल पुलिस ने तेजी से खुलासा किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ने अलग-अलग टीमें गठित कर आरोपी की तलाश में लगाया था। जांच में जुटी टीमों ने तकनीकी सुरागों के आधार पर आरोपी रोहित दुबे तक पहुंच बनाई और उसे वाराणसी से गिरफ्तार कर लिया।
आरोप है कि रोहित दुबे ने आरपीएफ जवान बनकर नितिन कुमार को बक्सर स्टेशन से अपने साथ लिया। इसके बाद आरा के जगजीवन हाल्ट के समीप उसकी हत्या कर शव रेलवे ट्रैक पर फेंक दिया गया। मंगलवार को शव बरामद होने के बाद मामले की जांच और तेज कर दी गई।
जांच के दौरान आरोपी की लोकेशन वाराणसी में मिलने पर बक्सर, आरा और दिलदारनगर की आरपीएफ तथा जीआरपी की संयुक्त टीम सक्रिय हुई। आरोपी के मोबाइल को ट्रेस करते हुए टीम ने वाराणसी के एक होटल की घेराबंदी की। मोबाइल चालू होते ही उसकी लोकेशन मिली और टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित दुबे के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने नितिन कुमार की हत्या करने की बात स्वीकार की है। अब पुलिस हत्या के पीछे की वजह, वारदात में अन्य लोगों की भूमिका और आरपीएफ जवान बनकर यात्री को अपने साथ ले जाने के पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।
रिपोर्ट: नवीन यादव










